रांची।झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में आज सोमवार जोरदार हंगामे की संभावना हैं।सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप की वजह से हंगामा होने की पूरी संभावना है। सत्र के पहले ही दोनों पक्षों के विधायक दल की बैठक में जवाब देने की रणनीति बनाई गई है।मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायकों के निशाने पर सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रह सकते हैं।दूसरी ओर सत्ता पक्ष के विधायक भी जवाबी हमले के लिए तैयार हैं।





कांग्रेस विधायकों के पास से रुपए मिलना और उन्हें जेल भेजे जाने के मामले पर भाजपा सदन के अंदर और बाहर सरकार को घेरने की कोशिश करेगी।दूसरी ओर कांग्रेस-झामुमो के विधायक भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने की साजिश का आरोप लगाते हुए भाजपा के खिलाफ हमला बोल सकते हैं।





मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को हेमंत सरकार चालू वित्तीय सत्र 2022-23 के लिए पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसे मंगलवार को पारित कराया जाना है। इसके बाद दो दिन विधायी कार्यों के लिए रखे गए हैं। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 29 जुलाई से पांच अगस्त तक के लिए आहूत है। सत्र के छह कार्यदिवस हैं।





सोमवार को विधानसभा में भोजनावकाश के बाद राज्य में कमजोर मानसून के कारण सुखाड़ की बन रही स्थिति पर सदन में विशेष चर्चा निर्धारित है। यह निर्णय शुक्रवार को स्पीकर की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रण की बैठक में लिया गया।