विश्व जनसंख्या दिवस पर जन जागरूकता रैली आयोजित
जनसंख्या में अप्रत्याशित वृद्धि एक वैश्विक चुनौती: डॉ ब्रजेश
वरीय संवाददाता ,रांची। रांची विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मंगलवार को जनसंख्या में हो रहे वृद्धि के विरुद्ध जन जागरूकता रैली का आयोजन आरयू के साइंस बिल्डिंग परिसर से किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ.ब्रजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पूरी दुनिया जनसंख्या में हो रहे अप्रत्याशित वृद्धि से जूझ रही है। यह एक वैश्विक चुनौती का रूप ले लिया है।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन सीमित है, लेकिन जिस रफ्तार से जनसंख्या वृद्धि हो रही है।अगर सामूहिक प्रयास से इसे नियंत्रित नहीं किया गया तो वो दिन दूर नहीं है कि हमें कई प्रकार के समस्याओं से जूझना पड़ेगा।उन्होंने एनएसएस के स्वयंसेवकों से जनसंख्या में हो रहे विस्फोट के विरुद्ध जन जागरूकता मुहिम चलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमारी भारती सिंह, हर्षिता सिन्हा, एनएसएस के टीम लीडर्स दिवाकर आनंद, पुरुषोत्तम, स्मृति रानी, सोनम, अनीसा, दीपक, रिकेश, रोहित ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
जागरूकता रैली बेसिक साइंस बिल्डिंग परिसर से प्रारंभ होकर डी एसपीएमयू, आईएमएस, सिदो कान्हो पार्क, हातमा बस्ती होते हुए सरना टोली में समाप्त हो गया।
रैली के दौरान एनएसएस के स्वयंसेवक छोटा परिवार- सुखी परिवार , जनसंख्या नियंत्रण सभी की जिम्मेदारी, हम दो- हमारे दो, सभी का एक नारा - जनसंख्या नियंत्रण आदि नारे लगा रहे थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस के टीम लीडर्स दीपक, शशांक, सुभाष, संस्कृति, अंजली, शिवम, राधिका का उल्लेखनीय योगदान रहा।कार्यक्रम में आरयूके 9 महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय विभागों के कुल 105 एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित थे।





