प्रतिनिधि,गिरिडीह। झारखंड (रांची) की मेजबानी में आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 की विजेता टीम के दिए जाने वाले ट्रॉफी बुधवार को झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों से भ्रमण करते हुए गिरिडीह जिला पहुंची।





उक्त कार्यक्रम का विधिवत अनावरण उपायुक्त सह-जिला दंडाधिकारी,नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा किया गया। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, एडीपीओ व अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मी उपस्थित थे।





कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि इस वर्ष वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 की मेजबानी झारखंड रांची में हो रहा है, जो हमारे लिए बेहद गर्व की बात है। आज अनावरण किए गए ट्रॉफी विभिन्न जिलों से घूमते हुए हमारे जिले में आई है, जिसे विजेता टीम को सम्मान स्वरूप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिले के खिलाड़ियों में भी काफी प्रतिभा है।निश्चित रूप से यहां के खिलाड़ी भी आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे। ट्रॉफी हमारे जिले में लाने का एकमात्र उद्देश्य है, हमारे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना। सभी खिलाड़ी ट्रॉफी से प्रोत्साहित हो सकते हैं कि एक दिन वे भी अपने और अपने देश के लिए ऐसे ही ट्रॉफी लेकर आएंगे।





इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि जिले के बहुत खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिला और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि इस ट्रॉफी की तरह ही अन्य खेलों में भी हमारे जिले के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और ट्रॉफी लेकर आएंगे और जिले राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से सभी खिलाड़ी प्रेरणा ले सकते हैं और खेल को कैरियर के रूप में चुनते हुए जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।