चाईबासा।जंगली भालू रास्ता भटक कर मंगलवार की सुबह पश्चिमी जिला मुख्यालय चाईबासा शहर में घुस आया।भालू के शहर में घुसने से हड़कंप मच गया है।भालू ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को घायल भी किया है।





ड्रोन कैमरे से भालू की तलाश शुरू





शहर में भालू घुसने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भालू को तलाश कर पकड़ने के लिए जुटी हुई है।भालू की गांधी टोला में घनी झाड़ियों में होने की जानकारी मिल रही है। ड्रोन कैमरे से भालू की तलाश और निगरानी हो रही है।वन विभाग ने गांधी टोला के लोगों को अलर्ट कर दिया है और लोगों को घरों से निकलने उधर से आने जाने के लिए भी मना किया है।





जमशेदपुर से बुलाई गई टीम





वन विभाग पता लगाने में जुटा है कि भालू छिपा कहां है। जमशेदपुर से टीम बुलाई गई है।ये टीम भालू का रेस्क्यू करके जंगल में ले जाकर छोड़ेगी।चाईबासा के वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बिलाल अनवर और पोड़ाहाट के वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने वन विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ स्वयं भालू के छिपे होने की जगह का जायजा लिया है।





स्थिति पर नज़र बनाए हुए है विभाग





वन विभाग के अधिकारी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भालू ने शहर में घुसने के बाद धोबी तालाब पर मीना कुमारी को फिर अमीना खातून को जख्मी कर दिया। गांधी टोला मोहल्ले में घुसने के बाद उसने चाईबासा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष नितिन प्रकाश के घर के पास अमादी लाल साव को और फिर गांधी टोला में ही एक महिला शांति देवी को जख्मी कर दिया।भालू ने सभी को नाखून से नोच कर बुरी तरह जख्मी कर दिया है। आखिरी बार भालू को गांधी टोला में देखा गया, जहां वह वन विभाग कार्यालय से पीछे तालाब की ओर झाड़ियों में घुस गया है।