दुमका। झारखंड के दुमका के जरुवाडीह में पेट्रोल से जला दी गई 16 साल की अंकिता की शनिवार की देर रात मौत हो गई।पिछले चार दिनों से रिम्स में जिंदगी के लिए जूझ रही अंकिता ने दम तोड़ दिया।अंकिता की मौत की सूचना जैसे दुमका पहुंची लोग उबल पड़े।घटना के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन होने लगे।लोग दुकान बंद कराने लगे। इससे इलाके में तनाव है।पूरे शहर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।





दुमका में धारा 144 लागू





अंकिता की मौत की सूचना के बाद दुमका शहर के लोगों में उबाल है।तनाव को देखते हुए दुमका में पुलिस और प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। इतना ही नहीं सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आक्रोश और जगह-जगह हो रहे विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सदर एसडीओ ने धारा 144 के तहत दुमका में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।





आपको बता दें कि 23 अगस्त को शाहरुख ने एकतरफा प्यार में खिड़की से पेट्रोल छिड़क कर अंकिता के शरीर में आग लगा दी थी।आग से अंकिता लगभग 95 फीसदी जल गई थी।बाद में गंभीर हालत में अंकिता को रिम्स में भर्ती कराया गया था। शनिवार की देर रात अंकिता की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।अंकिता की मौत के बाद बजरंग दल, विहिप और भाजपा महिला मोर्चा ने दुमका बंद कराया।आक्रोशित लोगों ने पूरे दिन दुमका में विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों की मांग थी कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करा आरोपी को फांसी दी जाए।हत्यारोपी शाहरुख अभी दुमका जेल में है।





मृतक छात्रा के घर पहुंचे एसपी





दुमका पुलिस अधीक्षक रविवार शाम अंकिता के घर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि दोषी युवक को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई करवाकर सजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।