रांची।हेमंत सोरेन सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत सोमवार को एक बार फिर बिगड़ गई।देर शाम उनको एयर एंबुलेंस से चेन्नई शिफ्ट किया गया।महतो की हालत को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी चिंतित नजर आए और उन्हें देखने पहुंचे।
झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही के दौरान शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई।महतो ने सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी महसूस की,जिसके बाद उनको फौरन रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शिक्षा मंत्री की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही सीएम हेमंत सोरेन ने भी पारस हॉस्पिटल जाकर महतो से मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर है और खतरे की कोई बात नहीं हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हॉस्पिटल में भर्ती महतो को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।वहीं महतो के पूर्व मेडिकल केस को देखते हुए पारस अस्पताल के डॉक्टरों ने हैदराबाद के डॉक्टरों से भी संपर्क किया। हैदराबाद के डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आनन-फानन में चेन्नई शिफ्ट करने का नर्णिय लिया गया।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ही शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो बिहार से लगे हजारीबाग जिले के सीमावर्ती इलाके में चल रही अवैध शराब की फैक्ट्रियों को नष्ट करने पहुंचे थे। महतो रविवार को जिस सुदूरवर्ती इलाके में इलाके में अवैध शराब की अवैध फैक्ट्रियों को नष्ट करने पहुंचे थे, वहां चार पहिया वाहन जाना संभव नहीं था, लेकिन वे बाइक पर सवार होकर इलाके का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान जिले के कई पदाधिकारियों ने उन्हें उस इलाके को नक्सल प्रभावित बताते हुए जाने से रोकने की भी कोशिश की थी।





