साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल के विश्व प्रसिद्ध कन्हाई नाट्यशाला इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गयी।आसपास के इलाकों के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त पहुंचे हैं।शुक्रवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल शुरू हो गई थी। गंगा स्नान के बाद गंगा आरती, मंगल आरती, गुरु पूजा, राजवेश दर्शन आरती तथा भजन कीर्तन से मंदिर का माहौल हरे राम हरे कृष्णा नाम जाप से भक्तिमय हो गया।





श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर पहुंचे डीसी





साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार मनाने इस्कॉन मंदिर पहुंचे। डीसी ने सर्वप्रथम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासनिक सुरक्षा की जांच की और भगवान श्रीकृष्ण और देवी राधे की पूजा अर्चना व दर्शन कर आरती की।इसके बाद डीसी ने मंदिर के मुख्य प्रबंधक ब्रजराज कन्हाई दास और सहायक प्रबंधक कृष्ण कृपा सिंधु प्रभु के साथ धार्मिक विषयों पर चर्चाकर कन्हाई नाट्यशाला इस्कॉन मंदिर के बारे में विस्तृत जानकारी ली।





डीसी ने किया गंगा विहार





ब्रजराज कन्हाई दास ने साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव को भगवान के पदचिन्ह,परिक्रमा स्थल, तमाल और पीपल का पेड़ (जहां कृष्ण और राधा ने झूला झूला था) और मंदिर से संबंधित सभी स्थानों पर भ्रमण करवाया और विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डीसी ने परिक्रमा स्थल की भी परिक्रमा की।इसके बाद नमामि गंगे गंगा दूत के साथ गंगा विहार किया।मौके पर राजमहल थाना प्रभारी प्रणीत पटेल, ब्रजराज कन्हाई दास, कृष्ण कृपा सिंधु प्रभु तथा गंगा दूत मौजूद थे।