रांची।पश्चिम बंगाल में झारखंड के कांग्रेस पार्टी के तीन विधायकों से रुपए बरामदगी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुप्पी तोड़ी है। सीएम ने भारतीय जनता पार्टी पर सरकार गिराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रयास विफल हो चुका है। भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी हालत बिन पानी मछली जैसी हो गई है।





सीएम हेमंत ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से झारखंड के विधायकों के ऊपर जो प्रयास हो रहा है,उससे कहा जा सकता है कि ये लोग अपने नापाक इरादे में विफल रहे हैं।भाजपा की हालत बिना पानी के मछली जैसी हो चुकी हैं। वह बिना सत्ता के एक पल नहीं रह सकते और यह देश के लोकतंत्र पर एक हमला है।





बंगाल में कांग्रेस के तीन विधायकों से रुपए बरामदगी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सोरेन ने कहा कहा कि भाजपा देश में राजनीति की नई परिभाषा लिख रही है। वह हमारी सरकार भी अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। हालिया घटनाक्रम को देखते हुए कहा कि वे अपनी कोशिश में कामयाब नहीं हुए।