प्रतिनिधि, चतरा/लावालौंग। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के टुनगुन गांव में बुधवार की देर रात भाकपा माओवादियों नें सड़क निर्माण में लगे दो जेसीबी मशीनों को आग के हवाले कर दिया।





उक्त आशय की जानकारी देते हुए एमएस राजनंदनी कंस्ट्रक्शन के संवेदक शंकर साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 7 करोड़ 28 लाख की लागत से टुनगुन मोड़ से लेकर बधार मुख्य सड़क तक निर्माण कार्य करवाया जा रहा था।दिन में निर्माण कार्य करने के बाद बुधवार की रात टुनगुन आंगनबाड़ी के पास दोनों जेसीबी मशीनों को लगाकर ऑपरेटर आंगनबाड़ी में ही सो रहे थे।देर रात बारह बजे हाथ में बड़ी बड़ी बंदूक और वर्दी पहने पांच लोग दरवाजा खुलवा कर दोनों ऑपरेटरों का मोबाइल लेकर सिमकार्ड तोड़ दिया।इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर निर्माण कार्य में लगे दोनों जेसीबी मशीनों में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दिया और यह कह कर चले गए कि संवेदक को बोल देना कि भाकपा माओवादी के उग्रवादी आए थे।संवेदक पैसे लेकर संगठन से मिले अन्यथा और भी बड़ी घटना को अंजाम दिया जा सकता है।इधर सूचना पाकर सिमरिया के डीएसपी अशोक प्रियदर्शी एवं थाना प्रभारी बमबम कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।





इधर इस घटना से क्षेत्र के बड़े से लेकर छोटे संवेदकों में दहशत का माहौल है।चौंक चौराहों पर विभिन्न प्रकार की कानाफूसी शुरू हो गई है।ग्रामीणों का कहना है कि विगत दो माह पूर्व मुठभेड़ में पांच कुख्यात माओवादियों के मारे जाने के बाद पुलिस प्रशासन के द्वारा मध्य जोन से माओवादियों के सफाए के दावे किए जा रहे थे।फिर क्षेत्र में घटना को अंजाम देने वाले ये माओवादी कहां से सक्रिय हो गए।जिसकी भनक तक पुलिस प्रशासन को नहीं है।