प्रतिनिधि,मयूरहंड(चतरा)। थाना क्षेत्र के करमा के दनदहा घाटी पुलिया के समीप सड़क दुर्घटना में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। दोनों युवक पल्सर मोटरसाइकिल नंबर जेएच 02 बीई 4996 पर सवार होकर हजारीबाग की ओर से इटखोरी की ओर जा रहे थे। तभी तीखा मोड़ होने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगभग दस फीट निचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बब्लू केशरी(25 वर्ष) पिता सुखदेव प्रसाद केशरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
मृत युवक चौपारण थाना क्षेत्र के महराजगंज का रहने वाला है। वहीं एक युवक राहुल कुमार गंभीर रुप से घायल हो गया। मृत युवक के पिता वर्तमान में मयूरहंड थाना क्षेत्र के हुसिया अपने ससुराल में घर जमाई बनकर रह रहे है। वहीं घायल युवक को राहगीरों द्वारा एम्बुलेंस से इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया है।
घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी अनिरुद्ध कुमार सिंह और अवर निरीक्षक श्रीराम पंडित घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने मृतक के शव को अपने कब्जे में कर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ज्ञात हो कि दनदहा घाटी में तिखा मोड़ होने के कारण अब तक लगभग दर्जनो युवकों की मौत हो चुकी है। दुर्घटना से बचाव को लेकर प्रखंड वासियों ने पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधियोंं से डाईवर्सन बनवाने की मांग वर्षों से करते आ रहे हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।जिसके कारण दर्जनों मां का कोख सुना हो चुका है। घटना की खबर सुनते ही प्रखंड प्रमुख मिक्की देवी, करमा पंचायत मुखिया रामनाथ यादव समेत दर्जनों लोग घटनास्थल पर पहुंचे।





