आगरा।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इन पार्टियों की निगाहें लखनऊ के सिंहासन पर टिकी है,
वहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।सपा मुखिया ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर बड़ा दांव चला है।बाह विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाला बटेश्वर अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव है।ऐसे में अखिलेश के इस ऐलान को बड़ा दांव माना जा रहा है।

सपा मुखिया ने बाह विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर बाह में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया जाएगा और अगर जरूरत पड़ी तो बाह को अलग जिला बनाएंगे।आगरा पर्यटन का केंद्र है तो बटेश्वर में धार्मिक पर्यटन महत्‍व भी कम नहीं है। इस क्षेत्र में विकास की बहुत जरूरत है।इसलिए जरूरत पड़ने पर इसे जिला बनाया जाएगा।

सपा मुखिया ने जनसभा को संबोधित सबसे से पहले लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी और कहा कि लता मंगेशकर ने तीस हजार से अधिक गीत दिए, जिन्हें आज भी हम उन्हें सुनते हैं। उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।उनके जैसा न कोई है और न होगा। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनके सम्मान में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा।

सपा मुखिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों का रोजगार छीनकर उन्हें घर बैठाने का काम किया।वो गर्मी निकालने की बात करते हैं और हम गर्मी और सर्दी निकालने की बात नहीं करते,हम नौजवानों को पुलिस में भर्ती करने की बात करते हैं।उन्हें रोजगार दिलाने की बात करते है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि बाह विधानसभा में किसान परेशान है,किसान की खाद की बोरी चोरी हो गई, बिजली नहीं मिली,कोई कारखाना भी नहीं बनाया गया।यहां सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता है।सपा की सरकार आने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे।