कन्नौज।समाजवादी पार्टी से MLC पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन के घर छापेमारी पर राजनीति तेज हो गई है।समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने सपा एमएलसी पुष्‍पराज जैन पम्‍पी के ठिकानों पर जारी छापेमारी की कार्रवाई के बीच कन्‍नौज पार्टी ऑफिस पर प्रेस कॉफ्रेंस की।इस दौरान अखिलेश ने भाजपा पर जमकर वार किए। भाजपा की डिजिटल टीम समाजवादी इत्र बनाने वाले की सही से पहचान न कर पाने की वजह से उनके ही समर्थक पीयूष जैन के घर छापा पड़ा तो सच बाहर आया। इत्र कारोबारी पीयूष जैन के यहां छापेमारी के दौरान सपा को बदनाम करने की खूब कोशिशें की गई।हिटलर के समय में उनके यहां सिर्फ एक प्रोपेगेंडा मंत्री था। यहां पूरी की पूरी प्रोपेगेंडा पार्टी है।

सपा मुखिया ने कहा कि इस छापेमारी से भाजपा की बौखलाहट और उसका डर साफ दिखाई दे रहा है। भाजपा जा रही है, वो दिल्‍ली से एजेंसियां लाती है। कन्‍नौज का इत्र पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। भाजपा का फूल कागज का फूल है,उससे खुशबू नहीं आ सकती, भाजपा का फूल झूठ का फूल है।नफरत की दुर्गंध फैलाने वाले भाजपा के लोग, सौहार्द की सुगंध को कैसे पसंद करेंगे।

सपा मुखिया ने कहा कि ये गये थे समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन को ढूंढ़ने और अपने ही साथी पीयूष जैन को ढूंढ़ निकाला।अपनी खीझ मिटाने के खातिर समाजवादी इत्र बनाने वाले पुष्पराज जैन के यहां छापेमारी की है।इनके साथ कई और भी लपिट गए हैं क्योंकि भाजपा को दिखाना है कि हम निष्पक्ष हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले से निर्धारित थी। ये पहले ही सूचना आ गई थी कि समाजवादियों के यहां छापे पड़ेंगे। जब भाजपा नेताओं का उत्‍तर प्रदेश में कार्यक्रम होता है तो आयकर विभाग की टीम साथ आती है।पिछले दो हफ्ते से लगातार सपा से जुड़े लोगों पर छापे पड़ रहे हैं। एजेंसियों को आदेश देकर ये छापे डलवाए जा रहे हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि कन्नौज समाजवादी लोगों से जुड़ा शहर है और यहां क‌ई सालों से इत्र का कारोबार हो रहा है। इस कारोबार से बड़ी संख्‍या में यहां के लोग जुड़े हैं। कन्नौज के इत्र का डंका दुनिया भर में बजता है। भाजपा के लोग लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के लोग कन्नौज को बदनाम करने में लगे हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि पीयूष जैन के घर छापेमारी से सपा का कोई रिश्ता नहीं है। भाजपा को बताना चाहिए कि नोटबंदी के बावजूद किसी के पास इतना पैसा इकट्ठा कैसे हुआ। नोटबंदी और जीएसटी के बाद किए गए दावों का क्या हुआ।

सपा मुखिया ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि यूपी को लेकर भाजपा को भय सताने लगा है तभी दिल्‍ली से नेता ज्‍यादा आने लगे हैं। केवल नेता नहीं उनके सहयोगी संगठन आईटी, ईडी, और सीबीआई भी साथ आते हैं। भाजपा ने इनसे गठबंधन किया है,हमने तो क्षेत्रीय दलों से गठबंधन किया है इन्होंने इन एजेंसियों से अंदर से हाथ मिलाया है।कन्‍नौज की जनता ने हमेशा जयचंद को पहचाना है। इस बार भी जयचंद को भगाया जाएगा।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा की रैलियों में लोग नहीं जा रही है,लोगों को जबरदस्‍ती भेजा रहा है। ये चुनाव भाजपा नेता नहीं बल्कि इनके लेखपाल, एसडीएम, डीएम,कप्तान लड़ रहे हैं। भाजपा की जब कोई रैली होती है तो डीएम को जानकारी दी जाती है। उसके बाद सबसे पहले रोडवेज बस बुक की जाती है, फिर कॉलेज की बस बुलाई जाती हैं। लोगों को जबरन उसमें भरकर ले जाते हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने छापेमारी वाला आचरण पहली बार नहीं दिखाया है।बंगाल चुनाव में दिल्ली की संस्था पहुंच गई थी। तमिलनाडु में वहां के मुख्‍यमंत्री स्टालिन के घर पहुंच गई थी। सरकारी लोग कहते हैं कि हमें मजबूरी में आना पड़ा, हमने नए साल में परिवार के साथ घूमने का प्लान बनाया था।