गाजियाबाद।अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो बहुत जल्द दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका में सबा हैदर का डंका बजेगा।इस डंके की गूंज पूरी दुनिया सुनेगी। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वालीं भारतीय मूल की महिला सबा हैदर अब अमेरिका में काउंटी बोर्ड का चुनाव लड़ने जा रही हैं।अमेरिका के डूपेज काउंट बोर्ड चुनाव में राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी डेमोक्रेटिक पार्टी से सबा को उम्मीदवार बनाया है। इसके पहले भी सबा 2021 में स्कूल बोर्ड का चुनाव लड़ चुकी हैं।
भारतीय मूल की सबा हैदर के सामाजिक योगदान और कार्यों से प्रभावित होकर बाइडन की पार्टी डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रत्याशी पद के अन्य उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद सबा को अपना प्रत्याशी बनाया है।इसमें भारतीय मूल की सबा हैदर अकेले दावेदार थीं।इस काउंट बोर्ड चुनाव में लगभग 10 लाख से ज्यादा मतदाता अपने वोटिंग राइट्स का इस्तेमाल करेंगे।
आपको बता दें कि सबा हैदर 2007 में अपने पति तबरेज अली के साथ कंपनी प्रोजेक्ट पर उनके साथ अमेरिका गईं। इसके बाद सबा ने खुद जॉब कंसल्टेंट का काम शुरू किया। सबा लगभग 10 साल से योग ट्रेनर के तौर पर योग को अमेरिका में बढ़ावा दे रही हैं।सबा योग टीचर को ट्रेनिंग देती हैं और सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर हिस्सा लेती हैं।अगर इस काउंटी चुनाव में सबा की जीत होती है तो वह प्रदेश स्तरीय प्रबंध मंडल की सदस्य बन जाएंगी। कोरोना काल में सबा ने सराहनीय काम किए थे।इसी वजह से सबा को टिकट मिलना आसान हो गया।इसी साल 6 नवबंर को ये चुनाव होना है।





