समाहरणालय सभागार में हुआ जनता दरबार का आयोजन
उपायुक्त ने जनता दरबार के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।उपायुक्त शेखर जमुआर ने मंगलवार को नए समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया।जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को बारी-बारी से सुना और उसके निष्पादन के लिए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित कर जल्द से जल्द निष्पादित करने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम ग्राम मझिगावा से आए सुजित प्रसाद ने अपने आवेदन के माध्यम से उपायुक्त शेखर जमुआर को उनके ग्राम में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में आ रही समस्या को दूर करने की बात कही।हरिहरपुर पंचायत के ग्राम डगर से आयी मंजू देवी ने अपने आवेदन में बताया कि उनके नाम और आईडी नंबर पर गलत तरीके से लंबे समय से उन्हीं के गांव की अंजू देवी सेविका के पद पर काम कर रही है,जिसकी जानकारी उन्हें मंईयां सम्मान योजना का आवेदन करते समय पता चला,जिसकी वजह से उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा। मंजू देवी ने इसके निदान के लिए उपायुक्त से अनुरोध किया।
ग्राम परसोडीह से आये रविन्द्र राम ने आपने आवेदन में बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला हुआ है किंतु उनके पड़ोसियों द्वारा उनके निजी जमीन पर आवास निर्माण कार्य करने से हमेशा रोका जा रहा है,जिसकी वजह से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रविन्द्र राम ने उपायुक्त से ऐसे लोगों पर उचित कार्रवाई करने की बात कही ताकि वह अपना मकान बना सके।
रमना प्रखंड के ग्राम कोरगा से आये दीपक किशोर ने अपने आवेदन के माध्यम से NH-75 में गये उनके जमीन का मुआवजा दिलाने संबंधित अनुरोध उपायुक्त से किया। इस प्रकार बारी-बारी से लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
जनता दरबार में मुख्य रूप से राशन,पेंशन,भूमि विवाद,अवैध कब्जा,आवास,मुआवजा,योजनाओं का लाभ,अतिक्रमण, रोजगार सृजन समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त शेखर जमुआर द्वारा समस्या सुनी गई और यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।





