पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में आतंकवाद निरोधक दस्ते ने गुरुवार देर रात कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी युवक को हिरासत में लिया है।बताया जा रहा है कि युवक फर्जी आईडी पर देवबंद के नामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम में इस्लामिक शिक्षा की पढ़ाई कर रहा था।इसके साथ एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया गया था जिसे पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया गया।





प्राप्त जानकारी के‌ अनुसार गुरुवार देर रात लगभग 1:30 बजे एटीएस नामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम में पहुंची।जहां एटीएस अधिकारियों ने प्रबंधतंत्र को विश्वास में लेकर संस्था परिसर में बने छात्रावास के कमरा नंबर 61 से दो छात्रों को हिरासत में ले लिया।पूछताछ करने और सभी दस्तावेज देखने के बाद एटीएस ने एक छात्र को असम राज्य का होने के कारण छोड़ दिया।दूसरे छात्र से संतोषजनक जवाब न मिलने पर एटीएस का शक उस पर गहरा गया।सूत्रों से खबर है कि कमरे के बाहर रखी छात्र की एक अलमारी को खोलकर उसकी तलाश ली गई तो आलमारी के अंदर से बांग्लादेशी करेंसी, बांग्लादेश की कुछ आईडी, किताबें और अन्य दस्तावेज मिले हैं।





एटीएस सूत्र बताते हैं कि ये छात्र बांग्लादेशी नागरिक है। छात्र पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 2015 से देवबंद में रह रहा था।एटीएस को बांग्लादेशी छात्र के पास से जो मोबाइल मिला है,उसमें बहुत कुछ ऐसा है जो छात्र का पाकिस्तान में उसकी संदिग्ध गतिविधियों को उजागर कर रहा है।





अभी एटीएस की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि एटीएस ने दोनो युवकों को मुजफ्फरनगर से दिन में हिरासत में लिया था।बांग्लादेशी नागरिक अपने साथी के साथ किसी चिकित्सक के यहां दवा लेने गया था।रात में एटीएस बांग्लादेशी छात्र के कमरे की तलाशी लेने आई थी, जहां से कुछ आपत्तिजनक चीजें मिली है।इस वजह से टीम एक छात्र को अपने साथ ले गई।एटीएस द्वारा देवबंद से गिरफ्तार किए गए बांग्लादेश के चटगांव जिले का रहने वाले छात्र का नाम तलहा तारूलकदार बिन फारुख है।वह दारुल उलूम देवबंद का छात्र है जो यहां अरबी आठवीं कक्षा का छात्र है।





एटीएस के अनुसार तलहा 2015 से अपनी पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेज के आधार पर देवबंद में रह रहा था। उसने अपने नाम से मेघालय का आधार कार्ड बनवाया था।उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट, दो टका बांग्लादेशी करेंसी, फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। एटीएस के अनुसार बांग्लादेश निवासी इस छात्र को बृहस्पतिवार देर रात देवबंद से पकड़ा है। फिलहाल इससे पूछताछ की जा रही है।