वरीय संवाददाता,रांची।सीएमपीडीआई के ‘कोयल हॉल में 24 एवं 25 तक दो-दिवसीय साथी-रिटायरमेंट प्लानिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया है। सीएमपीडीआई (मुख्यालय) रांची में संस्थान के सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए साथी-सबसे खुशहाल व्यक्ति के रूप में सेवानिवृत्त विषयक दो-दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की परिकल्पना सेवानिवृत्ति के बाद भावनात्मक कल्याण और उचित वित्तीय प्लानिंग प्रदान करने के उद्देश्य से की गयी है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद उचित वित्तीय प्लानिंग, शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य आदि के महत्व के बारे में प्रकाश डाला। इस अवसर पर सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) एसके गोमास्ता एवं महाप्रबंधक व विभागाध्यक्षगण उपस्थित थे।
मौके पर सेल के भूतपूर्व महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) एवं लाइफ-कोच पी,शॉ ने सेवानिवृत्ति के बाद विभिन्न मनोवैज्ञानिक और शारीरिक मुद्दों से निपटने के तौर-तरीकों के बारे में बताया। दोपहर के सत्र में सेवानिवृत्ति के उपरांत वित्तीय सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए आदि विषयों पर चर्चा की गयी।मंगलवार को पेंशन दावों,भविष्य निधि,चिकित्सा दावों जैसे टर्मिनल लाभों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में सीएमपीडीआई (मुख्यालय) और इसके सभी क्षेत्रीय संस्थानों के लगभग 20 सदस्यों ने अपने जीवनसाथियों के साथ भाग लिया। सीएमपीडीआई के विभागाध्यक्ष (कार्मिक एवं प्रशासन) सुमन रस्तोगी ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। उक्त जानकारी धीरज कुमार(मुख्य प्रबंधक) (माइनिंग/टीएस/पीआर) ने दी।





