पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,टंडवा,चतरा।सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशुन कुमार दास के निरंतर प्रयास से आज क्षेत्र के दो-दो पुलों के निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।इन दोनों पुलों के बन जाने से यहां के आसपास के व्यापारी वर्ग व आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और आवागमन में काफी सुविधा होगी।





गौरतलब है कि क्षेत्रवासियों ने इन पुलों के नहीं बनने से हो रही समस्या से विधायक किशुन कुमार दास को अवगत कराया था,जिसके बाद से लगातार विधायक पुल निर्माण को लेकर प्रयासरत थे।उन्होंने सड़क पुल निर्माण को लेकर सचिव ( ग्रामीण कार्य विभाग, झारखंड रांची) को पत्राचार (पत्र लिखकर) के माध्यम से अवगत कराया था,जिसके बाद विभाग द्वारा उन्हें आश्वस्त किया गया था कि इन दोनों नदियों पर पुल का निर्माण कार्य जल्द ही कराया जाएगा और आज इस इन दोनों पुलों के निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।





बताते चलें कि टंडवा प्रखंड के बाजार टांड़ में गेरुआ नदी के पुल की योजना 6 करोड़ 45 लाख 87 हजार 900, टंडवा प्रखंड के ही कबरा पंचायत में खधैया नदी पर 3 करोड़ 69 लाख 91 लाख 400 की लागत से पुल का निर्माण होना है। इन दोनों नदियों पर पुल के नहीं होने से यहां के व्यापारी वर्ग और आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था।विधायक किशुन कुमार दास के प्रयास से एक बार फिर क्षेत्रवासियों के चेहरे पर मुस्कान लौटी है। क्षेत्र के लोगों ने विधायक किशुन कुमार दास के प्रति हर्ष और आभार जताया है।