प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)।थाना क्षेत्र में संचालित नार्थ करनपुरा ताप विद्युत परियोजना में कार्यरत सिम्प्लेक्स नामक कंपनी से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी द्वारा लेवी की मांग करने वाले एक सक्रिय सदस्य को एसडीपीओ के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को मामला दर्ज होने के चंद घंटों के अंदर ही आरोपी को उसके घर लातेहार जिला जिला अन्तर्गत बालूमाथ थाना क्षेत्र के भगिया टोला बरवाटोला से फलेन्द्र उर्फ ठुपा गंझू पिता ठाकुर दयाल गंझू को गिरफ्तार कर लिया।





गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह ने बताया कि सिम्प्लेक्स कंपनी के अधिकारी द्वारा लेवी मांगने व धमकी देने के संदर्भ में दी गई लिखित शिकायत दर्ज की गई थी। थाना में कांड संख्या 171/2023 धारा 385/387/34 सीएलए 17 (1) (2) के तहत मामला दर्ज कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपी के पास से कांड में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। साथ ही संगठन के अन्य अपराधियों को चिन्हित किया जा चुका है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह,पुअनि अशोक कुमार, पुअनि अभिनव आनंद, पुअनि रंजीत मंडल समेत थाना के पुलिस बल शामिल थे।