रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा समन भेजे जाने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेता भड़क उठे हैं।गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर सीएम सोरेन द्वारा दिए गए बयान को भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं के राजनीतिक हत्या की साजिश करार दिया है।





पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया वीडियो





भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने 22 सेंकेंड का एक वीडियो ट्वीट किया है।वीडियो में मुख्यमंत्री को यह कहते हुए दिखाया गया है कि भाजपा ने जो धरना-प्रदर्शन बुलाया है, उसमें जाने वालों को चिन्हित करें, वक्त आने पर सबको चुन-चुन कर सबक सिखाया जाएगा।





नागरिकों को संवैधानिक तरीके प्रदर्शन का हक





बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि अनुच्छेद 19 (1) (बी) के तहत नागरिकों को अधिकार है कि वे अपनी मांग और किसी बात के विरोध के लिए शांतिपूर्ण तरीके से एक जगह इकह्वा होकर धरना-प्रदर्शन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के पद पर बैठा व्यक्ति यदि ऐसा बयान दे रहा है तो क्या यह नहीं समझा जाए कि वे राज्य में टारगेटेड पॉलिटिकल किलिंग करने का आदेश दे रहे? क्या ये भाजपा के कार्यकर्ताओं को धमकी नहीं है।बाबूलाल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि हेमंत सोरेन जी, उम्मीद थी आप संवैधानिक अधिकारों को लेकर ऐसे धमकी भरी बात नहीं करेंगे,लेकिन आप सरकार गठन के बाद से ही उम्मीदें तोड़ रहे हैं। जवाब जनता देगी, इंतजार कीजिए।





दीपक प्रकाश ने भी सीएम सोरेन पर साधा निशाना





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाषण पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री सत्ता के मद में लोकतंत्र का गला घोटना चाहते हैं। भाजपा ने राज्य गठन की प्रसव वेदना झेली है। भाजपा राज्य के संसाधनों को लूटते और बर्बाद होते नहीं देख सकती। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन को बेचने और खरीदने वाले इस दर्द को क्या समझेंगे। भाजपा राज्य के सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है।





दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जब आपातकाल में कांग्रेस के दमन से नहीं डरे तो फिर आज क्या डरेंगे। लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा सदन से सड़क तक खनिज संसाधनों की मची लूट, युवाओं के साथ हुए धोखे को लेकर संघर्ष के लिए तैयार है।