रांची।झारखंड कैबिनेट से 1932 के खतियान का प्रस्ताव पारित होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता गुरुजी शिबू सोरेन से आशीर्वाद लिया।वहीं राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की।सीएम ने राज्यपाल को पत्र लिखकर निर्वाचन आयोग के मंतव्य की जानकारी जल्द देने की अपील की।
गुरुजी शिबू सोरेन को दी पूरी जानकारी
रांची के मोरहाबादी स्थित आवास में अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन से मुलाकात की। सीएम ने उन्हें 14 सितंबर 2022 को संपन्न हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में 1932 खतियान आधारित झारखंड का स्थानीय निवासी की परिभाषा एवं पहचान के लिए विधेयक, 2022 के गठन की स्वीकृति दिए जाने एवं अन्य बड़े निर्णयों के संबंध में अवगत कराया।
वर्तमान सरकार आपके सपनों को कर रही पूरा
सीएम हेमंत सोरेन ने भेंट-वार्ता के क्रम में कहा कि हमारी सरकार आपके सपनों को पूरा कर रही है।आपके लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद जिस उद्देश्य से अलग झारखंड राज्य मिला है। अब उस राज्य को हमारी सरकार हर क्षेत्र में बेहतर दिशा देकर आगे बढ़ा रही है।मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने मुख्यमंत्री को हरेक राज्यवासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने का आशीर्वाद दिया।
राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार की शाम दिल्ली चले गए। दोपहर में उन्होंने राज्यपाल से मिलकर चुनाव आयोग द्वारा भेजी गई अनुशंसा की प्रतिलिपि मांगी थी। इसके बाद देर शाम सेवा विमान से सीना दिल्ली रवाना हो गए।बताया गया कि सीएम दिल्ली में कुछ विधि विशेषज्ञों से मिलेंगे।चर्चा ही कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिल सकते हैं। हालांकि झामुमो के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सीएम दिल्ली गए हैं. पर, राष्ट्रपति से मिलेंगे ऐसी कोई बात नहीं है।वह निजी कारणों से दिल्ली गए हैं और शुक्रवार को लौट आयेंगे।





