जमशेदपुर।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टूपुर गोपाल मैदान में आयोजित आपकी योजना,आपकी सरकार,आपके द्वार कार्यक्रम में पहुंचे।सीएम ने 2320 करोड़ की 230 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।साथ ही 245 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण किया।





सीएम सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष सरकार तोड़ने की साजिश में जुटा है।विपक्षियों को यह पच नहीं रहा कि एक आदिवासी भी इतने अच्छे ढंग से राज्य चला सकता है। सीएम ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और इतने षड्यंत्र के बावजूद हम विचलित नहीं हैं। भ्रष्टाचार के जो आरोप मुझ पर लगाए जा रहे थे, उसे सुप्रीम कोर्ट ने भी निरस्त कर दिया।





सीएम सोरेन ने मधु कोड़ा का बचाव करते हुए कहा कि उन पर चार हजार करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया गया, लेकिन कुछ भी साबित नहीं हो पाया।इससे एक गरीब आदिवासी नेता का जीवन खराब हो गया।सीएम सोरेन ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने चतुराई दिखाकर 20 वर्षों तक झारखंड में राज किया। राज्य बनने के बाद से ही कुछ गिरोह सक्रिय थे जो समझते थे कि यहां के लोग तो भोले-भाले हैं, वे क्या शासन करेंगे।मगर गुरुजी इस बात को जानते थे। इसलिए उन्होंने सभी को पहले ही आगाह कर दिया था।असल में 20 वर्ष में विकास हुआ ही नहीं। अब तक सत्ता में वे लोग ही थे, जो झारखंड गठन का विरोध कर रहे थे।