देवघर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर एयरपोर्ट,एम्स समेत 16800 करोड़ रुपए की अनेक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।सीएम हेमंत सोरेन ने 12 जुलाई मंगलवार को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि जिस सपने को 2010 में देखा गया था उसे आज पीएम मोदी ने पूरा कर दिया।अब झारखंड विकास करने लगा है और केंद्र सरकार का सहयोग बना रहा तो अगले 5-7 साल में अग्रणी राज्यों में शामिल हो जाएगा।
सीएम हेमंत ने कहा कि निश्चित रूप से आज सिर्फ देवघर ही नहीं झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है।ऐतिहासिक इसलिए है कि जो हम सपने देखते हैं और जब वह सपना साकार होता है।हम हकीकत में अनुभव करते हैं तो उसकी खुशी कुछ और होती है। उन्होंने कहा कि उस सपने को साकार करने के लिए हमारे बीच पीएम आए हैं।यह हमारे लिए गौरव की बात है। आज देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन हो रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री ने भी कई घोषणाएं की हैं।उम्मीद ही नहीं भरोसा है कि कनेक्टिविटी जल्द शुरू होगी।
सीएम हेमंत ने कहा कि किसी राज्य के विकास में मार्कों का बहुत योगदान होता है,चाहे सड़क मार्ग हो,जलमार्ग या वायुमार्ग। मैं साहिबगंज में भी जलमार्ग के लिए पीएम को धन्यवाद देता हूं। जो वर्षों से यह राज्य जहां का तहां दिखता था वह हिलता चलता दिख रहा है।उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का सहयोग आपके सामने है। हम लोगों ने 2010 में यह सपना देखा था और आज उस सपने को हमारे पीएम ने पूरा किया। यह हम लोगों के लिए गौरव की बात है। अनेक सड़कें अनेक योजनाएं सिलान्यास हो रही हैं। सभी योजनाएं राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
सीएम हेमंत ने कहा कि मेरा मानना है कि किसी महल को बनाने के लिए मजदूरों की बहुत भूमिका होती है,लेकिन आम तौर पर देखा गया है कि महल या मकान बनने के बाद उसमें रहने वाले लोग मजदूरों को भूल जाते हैं।उसी प्रकार यह झारखंड देश को अग्रणी बनाने के लिए आज से नहीं वर्षों से अपना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि अपना छाती फाड़कर लोहा, कोयला अनेक खनिज देश को उपलब्ध करा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 401 करोड़ रुपए की लागत से 657 एकड़ भूभाग में बने देवघर हवाई अड्डे पर विमानन कंपनी इंडिगो की देवघर-कोलकाता उड़ान को भी हरी झंडी दिखाई। हवाई अड्डे की 2500 मीटर लंबी हवाई पट्टी से एअर बस ए320 के विमान भी उड़ान भर सकते हैं।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 मई 2018 को देवघर हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी।पीएम मोदी ने झारखंड में लगभग 16,800 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मौके पर कहा कि हवाई अड्डे को आने वाले दिनों में रांची, पटना और दिल्ली से जोड़ा जाएगा।





