रांची।झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने नई दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के साथ अलग-अलग आधे घंटे से अधिक समय तक मुलाकात करने की खबर है और इस दौरान राज्यपाल ने राज्य के ताजा हालात और तेजी से बदल रहे राजनीतिक घटनाक्रम से दोनों को अवगत कराया।
सूत्रों से खबर है कि राज्यपाल रमेश बैस ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके भाई विधायक बसंत सोरेन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में वस्तुस्थिति की भी जानकारी दी और साथ ही ये भी जानकारी दी कि मुख्य सचिव ने सीएम और उनके भाई पर लगे आरोपों से संबंधित दस्तावेजों को सत्यापित करके निर्वाचन आयोग को भेज दिया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले में परामर्श मांगने की जानकारी भी दी।राज्यपाल रमेश बैस ने राज्य की आर्थिक, सामाजिक गतिविधियों के अलावा कानून-व्यवस्था की स्थिति से भी पीएम और गृहमंत्री को अवगत कराया।
सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल रमेश बैस ने हेमंत सरकार के बचाव में उतरे सत्तारूढ़ दल झामुमो, कांग्रेस और राजद के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल की ओर से सौंपे गए ज्ञापन के विषय में भी बताया है।





