वरीय संवाददाता,रांची।डीजीएमएस साउथ ईस्टर्न जोन के तत्वावधान में गुरुवार को सीसीएल मुख्यालय में निदेशक (तक./संचा.) राम बाबू प्रसाद की अध्यक्षता में सीसीएल की कोयला खदानों में विद्युत सुरक्षा में सुधार के लिए सक्रिय उपायों पर इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डीएमएस (इलेक्ट्रिकल) विकास गोविंदराव मेशराम, डीएमएस (इलेक्ट्रिकल) महेश्वरा रेड्डी, डीडीएमएस (इलेक्ट्रिकल) विनीत चौरसिया, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी), महाप्रबंधक (उत्खनन), सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधक, परियोजना अधिकारी, एसओ, एसओ (उत्खनन) एवं सभी क्षेत्र के अधिकारी उपस्थित थे।
इंटरैक्टिव सत्र में खदान की विद्युत सुरक्षा में सुधार के लिए सक्रिय उपायों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। बैठक में विशेषकर कंपनी में इलेक्ट्रिकल सेफ्टी के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की गई।सीसीएल के निदेशक राम बाबू प्रसाद ने इस सत्र के दौरान आए सभी सकारात्मक सुझाओं का स्वागत करते हुए कहा कि कंपनी द्वारा उन सुझावों पर अमल किया जायेगा और जो भी कमियां होंगी उनका निराकरण किया जायेगा।
विषय पर चर्चा करते हुए राम प्रसाद बाबू ने कहा कि खान सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।कार्यस्थल को दुर्घटना रहित बनाने के लिए कंपनी द्वारा नयी-नयी तकनीकों को अपनाया जा रहा है ताकि शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। इलेक्ट्रीकल सेफ्टी के प्रति एक बेहतर वातावरण के निर्माण के लिए कंपनी प्रयासरत है । उन्होंने कहा कि सेफ्टी मैनेजमेंट प्लान का अच्छी तरह से पालन करने पर हम जोर दे रहे हैं।कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाप्रबंधक (सुरक्षा) एसके सिंह एवं उनकी टीम की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।





