पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,दुमका।उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने दशहरा के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सोमवार को कई आवश्यक निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि सभी पूजा समितियां पूजा स्थलों पर पोर्टेबल अग्निशामक यंत्र निश्चित तौर पर रखेंगे।साथ ही बालू से भरी बाल्टी आदि सुरक्षात्मक कार्रवाई के लिए रहेंगे ताकि विशेष परिस्थिति में इसका उपयोग कर आकस्मिक दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि पूजा स्थलों में जेनरेटर की व्यवस्था रखेंगे ताकि बिजली गुल होने की स्थिति में असामाजिक तत्वों के द्वारा इसका लाभ उठा कर अवांछित गतिविधियों को अंजाम देने की स्थिति पर अंकुश लगाया जा सके।पूजा स्थलों में बिजली के लिए हुक,टोका आदि लगा कर बिजली की व्यवस्था नहीं करेंगे इसके लिए विद्युत विभाग से अस्थायी कनेक्शन प्राप्त करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सभी पूजा समितियां असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए अपने स्तर से पर्याप्त संख्या में स्वयं सेवक भी रखेंगे,जो महिला और पुरूष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइन बनाने में सहायता करेंगे।साथ ही यातायात आदि को भी पूजा स्थल के पास व्यवस्थित करने में सहायता करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि सभी स्वयं सेवक को पूजा समितियों के द्वारा सुलभ पहचान के लिए बैज अथवा संभव हो तो ड्रेस कोड अवश्य दिये जायें।सभी पूजा समिति के अध्यक्ष,उपाध्यक्ष,थाना प्रभारी,अग्निशमन कार्यालय,प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी का नंबर सूचना पट्ट पर अंकित करना सुनिश्चित करेंगे।सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा भी लगाना सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यपालक अभियंता,विद्युत आपूर्ति प्रमंडल,पूजा पंडाल का स्वयं निरीक्षण करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि सभी पूजा स्थलों में सुरक्षा की दृष्टि से बिजली व्यवस्था ठीक है।पूजा पंडाल एवं शहरी,ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते हुए विद्युत तारों की आवश्यक मरम्मति कराना सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान जिले में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। मूर्ति विसर्जन के दिन संबंधित थाना प्रभारियों से समन्वय स्थापित कर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को नियंत्रित करेंगे।पूरे त्योहार के दौरान सभी प्रखंडों में पालीवार अभियन्ता के साथ बिजली मिस्त्री की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे और प्रतिनियुक्त कर्मियों का सम्पर्क नंबर के साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी जिला एवं जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध करायेंगे।





