सूबे के मंत्री सत्यानंद भोक्ता से मिले कृषक मित्र





कृषक मित्र सरकार के अभिन्न अंग, जरूर मिलेगा सम्मान:सत्यानंद भोक्ता





अश्वासन नहीं घोषणा पर अमल करे सरकार:सुभाष सिंह





प्रतिनिधि,चतरा। मंगलवार को कृषक मित्र का एक प्रतिनिधि मंडल श्रम नियोजन व कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोक्ता से उनके बूटी मोड़ रांची स्थित आवास मिला। प्रतिनिधि मंडल में शामिल प्रदेश महासचिव सुभाष सिंह ने मंत्री से कहा कि पिछ्ले छः दिनों से राज्य के कृषक मित्र भूख हड़ताल पर हैं। आमरण अनशन कर रहे प्रदेश अध्यक्ष के साथ अन्य कृषक मित्रों की हालत बिगड़ते जा रही है और अभी तक सरकार हमारी मांगों पर गंभीर नहीं दिख रही है। सार्वजनिक रूप से आप कृषक मित्रों को दस हजार रूपए मानदेय देने की घोषणा किए थे और मुख्यमंत्री ने भी अपने घोषणा पत्र में मानदेय देने का वादा किया है।





श्री सिंह ने मंत्री से आग्रह किया कि अपने स्तर से सीएम से वार्ता करा कर आंदोलन को समाप्त करने की पहल करें। मंत्री ने तत्काल कृषि मंत्री से टेलीफोनिक बात कर साकारात्मक पहल करने को कहा । कृषि मंत्री ने आज ही कृषि सचिव से इस मुद्दे पर बैठक कर अग्रेतर कर्रवाई करने की बात कही। मंत्री ने मुख्यमंत्री से समय निर्धारित कर वार्ता कराने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधि मंडल में सिमरिया प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र सिंह, चतरा प्रखंड अध्यक्ष राम स्वरूप यादव, केदार प्रसाद व द्वारका यादव शामिल थे।