देवघर।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बाबा वैद्यनाथ की धरती से देवघर एयरपोर्ट और एम्स सहित झारखंड को लगभग 16 हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे।पीएम मोदी बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे और लगभग साढ़े तीन घंटे बाबानगरी में रहेंगे।पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोपहर 1:05 बजे देवघर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी झारखंड की 16 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।जिसमें एम्स में 250 बेड वाला वार्ड, प्रसाद योजना के तहत कराए गए कार्यों का उद्घाटन शामिल है। लगभग एक घंटे के इस कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी रोड-शो करते हुए 2:40 पर बाबा मंदिर पहुंचेंगे।पीएम मोदी बाबा मंदिर में पूजा करने के बाद फिर रोड शो करते हुए देवघर कॉलेज पहुंचेगे और 3:15 बजे एक सम्मान समारोह में भाग लेंगे व जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ट्वीट भी किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा कि पवित्र श्रावण मास से ठीक पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य प्राप्त होगा। एयरपोर्ट के उद्घाटन का भी सुअवसर मिलेगा। इससे श्रद्धालुओं के लिए बाबाधाम की यात्रा और आसान होगी।
राजधानी रांची को पांच बड़े तोहफे
शिलान्यास
1. राजधानी रांची के कचहरी चौक से पिस्का मोड़ एलिवेटेड कॉरिडोर
2. रांची स्टेशन का पुनर्विकास
3. इटकी आरओबी
4. पालमा से गुमला सेक्शन फोर लेन का
उद्घाटन
1. रांची-महुलिया सेक्शन छह लेन
देवघर एयरपोर्ट से होगा बड़े इलाके को लाभ
देवघर एयरपोर्ट से झारखंड ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों के लोगों को लाभ होगा।झारखंड- देवघर, गिरिडीह, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, कोडरमा
बिहार- भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, खगड़िया आदि।बंगाल- वर्द्धमान, मालदा।
बाबा मंदिर में पूजा करने वाले पहले पीएम होंगे मोदी
आपको बता दें कि बाबा मंदिर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अकेले गर्भगृह में जाएंगे।यहां सरदार पंडा गुलाब नन्द ओझा और अपने पुरोहित शिवशंकर नरौने की उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।पीएम मोदी बाबा वैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा करने वाले पहले पीएम होंगे। हालांकि इससे पहले राष्ट्रपति रहते हुए प्रणव मुखर्जी 2013 और 2017 में बाबा मंदिर में हाजिरी लगा चुके हैं।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी 2020 में देवघर पहुंकर पूजा अर्चना कर चुके हैं।





