लखनऊ।स्वास्थ्य विभाग कोरोना की चौथी लहर की आशंका को लेकर अलर्ट हो गया है।सभी सरकारी अस्पतालों को कोविड नियमों को सख्ती से पालन कराने के लिए निर्देश जारी किए हैं।ओपीडी और वार्डों में मरीज व तीमारदार बिना मास्क प्रवेश नहीं कर पाएंगे।मरीज के साथ तीमारदार में लक्षण होने पर उसकी भी जांच कराई जाएगी।अभी तक सरकारी अस्पतालों में तीमारदारों की जांच नहीं की जा रही थी।कोरोना के मामले घटते ही हर जगह लापरवाही बरती जाने लगी। बाजार, मॉल हों या फिर अस्पताल लोग बिना मास्क के पहुंचने लगे।सामाजिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़ गई।
चिकित्सकों का मानना है कि इससे खतरा बढ़ सकता है।
सूबे की राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से तेज हो रहा है। लगभग 20 दिन बाद एक दिन में संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को अलीगंज, चौक, आलमबाग, गोमतीनगर और इंदिरानगर समेत कई अन्य इलाकों में नए मामले सामने आए हैं।इसके साथ ही सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 29 हो गई।पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के नए मामलों की संख्या इकाई में ही रह रही थी।
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल का कहना है कि कोरोना को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।लोग भीड़ में जाने से बचें।सामाजिक दूरी का पालन करने के साथ ही मास्क भी जरूर लगाएं।उन्होंने बताया कि अब ओपीडी और इमरजेंसी में बिना मास्क प्रवेश नहीं दिया जाएगा।जिनमें लक्षण होंगे उनकी जांच कराई जाएगी।पॉजिटिव आने पर नमूना जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए केजीएमयू भेजा जाएगा ताकि पता लगाया जा सके कि कोई नया वैरिएंट तो नहीं आया।
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक अस्पतालों को अलर्ट जारी कर कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।कोरोना को लेकर बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। बिना मतलब घर से बाहर निकलने से परहेज करें। अस्पतालों की ओपीडी और इमरजेंसी में लक्षण वाले लोगों की कोरोना की जांच कराने का निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
253 स्कूलों में लगेगा टीका
मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग 12 से 14 साल के बच्चों को जल्द से जल्द कोरोना का टीका लगाने की तैयारी में है।इसके लिए शनिवार से 253 स्कूलों में वैक्सीनेशन शुरू होगा। 34,430 बच्चों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि जिले में 16 मार्च से इस आयुवर्ग के बच्चों का टीकाकरण चल रहा है। अभी तक 30 स्कूलों में वैक्सीन लग रही थी। अब 253 स्कूलों में अभियान चलेगा। वहीं, पीएचसी में भी वैक्सीन लगेगी। चार सप्ताह बाद इसकी दूसरी डोज लगेगी।





