धनबाद।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के स्थानीय आवास पर शुक्रवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)की टीम छापेमारी कर रही है।पंकज मिश्रा के घर के बाहर एहतियातन सीआरपीएफ जवान तैनात हैं।इसके अलावा साहिबगंज जिले के बरहड़वा और पतना में दो पत्थर कारोबारी कृष्णा साह और भगवान भगत के आवास पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है।पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। यहां पर भी सीआरपीएफ तैनात है। राजमहल में पत्थर कारोबारी सोनू सिंह के यहां भी ईडी की छापेमारी जारी है।अभी तक मिली जानकारी के‌ अनुसार साहिबगंज जिले में कुल 6 जगहों पर ईडी छापेमारी कर रही है।





पंकज करता है अवैध खनन की निगरानी





पंकज मिश्रा पर ईडी की कार्रवाई अवैध खनन को लेकर हो रही है।आईएएस पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के बाद से कयास लग रहे थे कि ईडी पंकज मिश्रा से पूछताछ कर सकती है। ईडी की जांच में पता चला था कि मुख्यमंत्री का करीबी मिश्रा अवैध खनन की निगरानी करता है और उसके ही इशारे पर झारखंड के स्टोन चिप्स को बांग्लादेश पहुंचाया जाता है।ईडी को विभिन्न स्रोतों से खनन में पंकज की संलिप्तता की जानकारी मिली है।





ईडी को दी थी चुनौती





सीएम हेमंत सोरेन के करीबी पंकज मिश्रा ने कुछ दिनों पहले मीडिया से बातचीत में कहा था कि वे ईडी की जांच से डरने वाले नहीं हैं। वो तैयार बैठे हैं और उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब ईडी अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे। उन्होंने कहा था कि मैंने कोई गलत काम नहीं किया है और हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं।





आपको बता दें कि ईडी ने जब खनन पदाधिकारियों से अवैध खनन को लेकर पूछताछ की थी तो सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि का नाम सामने आया था। तभी से माना जा रहा था कि पंकज मिश्रा पर ईडी का शिकंजा कस सकता है।





साहिबगंज में कहां-कहां ईडी का छापा





1. पंकज मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि, सीएम





2. छोटू यादव, साहिबगंज, पत्थर कारोबारी





3. वेदु खुडानिया, साहिबगंज, पत्थर कारोबारी





4. दाहू यादव, साहिबगंज, साहिबगंज-मनिहारी फेरी सेवा संचालक





5. संजय दीवान, ज्वेलर, साहिबगंज





बरहड़वा





6. कृष्णा साहा (रिसौड़), पत्थर कारोबारी





7. भगवान भगत (बरहड़वा), पत्थर कारोबारी





8. दिलीप साह(दुलूमपुर) बाइक शोरूम





9. भवेश भगत(बरहड़वा), पत्थर कारोबारी,





10. सुब्रत पाल, पत्थर कारोबारी, बरहड़वा मिर्जाचौकी





11. पतरू सिंह, मिर्जाचौकी





12. ट्विंकल भगत, मिर्जाचौकी





13. राजू भगत, मिर्जाचौकी





राजमहल





14. सोनू सिंह (राजमहल), पत्थर कारोबारी व राजमहल फेरी सेवा संचालक





बरहेट





15. निमाई शील (बरहेट), पत्थर व बालू कारोबारी