रांची।झारखंड विधानसभा में पांच सितंबर को बुलाए गए विशेष सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विश्वास प्रस्ताव लाएंगे। सीएम ने विशेष सत्र के लिए विशेष नियम के तहत स्पीकर को आग्रह पत्र शुक्रवार को भेज दिया है।विधानसभा के प्रभारी सचिव जावेद हैदर के अनुसार सीएम की ओर से भेजे गए पत्र में ये जानकारी दी गई है कि सरकार विशेष सत्र में विश्वास प्रस्ताव लाएगी। सीएम का पत्र मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारी शुरू कर दी है।निर्धारित समय से एक दिन पहले मानसून सत्र स्थगित होने के बाद उसी के विस्तार में ये सत्र बुलाया गया है।
जानकारों के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पत्र से ये स्पष्ट हो गया है कि महागठबंधन सरकार सदन को विश्वास दिलाएगी कि उसके पास बहुमत है।सीएम की ओर से विश्वास प्रस्ताव पेश करने पर मत विभाजन होगा।महागठबंधन लगातार पर्याप्त बहुमत का दावा कर रहा है।इस आधार पर राज्यपाल को भी दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया भी जाता है तब भी सरकार पर असर नहीं पड़ेगा।
दिल्ली गए गवर्नर,सोरेन की सदस्यता पर फैसला जल्द संभव
राज्य में मचे सियासी घमासान के बीच राज्यपाल रमेश बैस शुक्रवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गए।इसके बाद हेमंत सोरेन की विधानसभा की सदस्यता पर फैसला जल्द होने की उम्मीद बढ़ गई है।सूत्रों की अगर मानी जाए तो गवर्नर अपने निजी कारणों से दिल्ली गए हैं, लेकिन सियासी गलियारे में कयासबाजी तेज हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि राज्यपाल जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सदस्यता पर फैसला सार्वजनिक करेंगे। कहा तो यह भी जा रहा है कि राज्यपाल रविवार को रांची लौट आएंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक कल
राज्य में सियासी उठापटक के बीच भाजपा विधायक दल की बैठक 4 सितंबर को होगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह और सभी विधायक शामिल होंगे। इसमें सरकार को घेरने की रणनीति तय होगी।
जानें कब क्या हुआ
25 अगस्त- चुनाव आयोग ने हेमंत की सदस्यता पर भेजा मंतव्य
28 अगस्त- यूपीए बोला- राज्यपाल सुनाए फैसला, 24 घंटे में जवाब
30 अगस्त- कांग्रेस के चार मंत्रियों सहित 31 विधायक रायपुर भेजे गए
1 सितंबर- कैबिनेट में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का फैसला
2 सितंबर- राज्यपाल अचानक दिल्ली गए, सियासी पारा चढ़ा
5 सितंबर- राज्य सरकार ने बुलाया है विधानसभा का विशेष सत्र





