रांची।हेमंत सोरेन सरकार ने विभिन्न संगठनों की मांग के मद्देनजर धार्मिक यात्रा निकालने का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है।राज्य में रामनवमी पर धार्मिक यात्रा शाम छह बजे तक की बजाए रात में 10 बजे तक निकाली जा सकेगी।

आपदा प्रबंधन विभाग आज शुक्रवार नई गाइडलाइन जारी करेगा और गाइडलाइन के अनुसार धार्मिक जुलूस की समय सीमा शाम छह बजे से बढ़ाकर रात दस बजे तक कर दी गई है।

झारखंड में महारामनवमी पर अष्टमी के दिन झांकी और श्रृंगार के आयोजन को लेकर राम भक्तों के बीच असमंजस की स्थिति सरकार के निर्णय के बाद दूर हो गई है। सरकार का निर्देश आने के बाद आयोजक खुश है।

आपको बता दें कि सूबे की राजधानी रांची में श्रीरामनवमी श्रृंगार समिति की ओर से 1938 से महाष्टमी पर महावीर चौक पर झांकी एवं श्रृंगार कार्यक्रम का आयोजन होता चला आ रहा है।इसके अलावा गांधी चौक, मेन रोड एवं श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर समेत अन्य स्थान पर भी झांकी प्रतियोगिता होती है।

वैश्विक महामारी कोरोना को लेकर राजधानी रांची में दो साल तक रामनवमी और इससे जुड़े आयोजन बंद थे। इस बार सरकार से आयोजन की अनुमति तो मिली, लेकिन शाम छह बजे के बाद जुलूस न निकालने के आदेश से असमंजस की स्थिति बन गई थी,जो अब खत्म हो गई है।

पूर्व में राजधानी रांची की कई कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री समेत राज्यपाल, डीजीपी और स्थानीय स्तर पर उपायुक्त एवं एसएसपी को ज्ञापन सौंप कर मसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया गया था।