19 से 23 दिसंबर तक प्रशासन गांव की ओर अभियान को लेकर हुई ऑनलाइन बैठक
प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी गांव-गांव जाकर सुनेंगे आमजनों की समस्याएं
अभियान के सफल संचालन के लिए डीडीसी,एसी व एसडीओ सिमरिया ने सभी संबंधित अधिकारियों संग की बैठक
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिले भर में 19 दिसंबर से 23 दिसंबर प्रशासन गांव की ओर महाअभियान चलेगा।इस महाअभियान के माध्यम से प्रखंड मुख्यालय के अधिकारी गांव-गांव जाकर आमजनों के समस्याओं का निष्पादन करेंगे। साथ ही वैसे मामले जो लंबे समय से लंबित है उसका भी निष्पादन किया जाएगा। प्रशासन गांव की ओर महाअभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा,अपर समाहर्ता अरविंद कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी के साथ ऑनलाइन बैठक की।
बैठक में सर्वप्रथम सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए उपायुक्त रमेश घोलप ने कहा कि शत प्रतिशत आदिम जनजाति परिवारों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर के माध्यम से जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उसका नियमसंगत शत प्रतिशत निष्पादन करें, जिससे सभी पात्रता रखने वाले आदिम जनजाति परिवारों को योजनाओं का लाभ मिल सके।सभी प्रकार के सर्टिफिकेट व प्रमाणपत्र से संबंधित मामले का निष्पादन करते हुए ऑनलाइन सभी को अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
भारत माला परियोजना से संबंधित समस्याओं के निष्पादन के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जो भी शिविर लगाए जा रहे है उसमें जमीन अधिग्रहण व प्रभावित रैयतों को राशि भुगतान समेत अन्य मामलों में निष्पादन से संबंधित सूची भी उपलब्ध कराने की उपायुक्त ने बात कही। साथ ही कहा प्रशासन गांव की ओर अभियान के माध्यम से आमजनों से प्राप्त शिकायत व निष्पादित मामलों को गहन समीक्षा की जाएगी।





