जमशेदपुर।टेक्नोलॉजी और कंसल्टिंग ने लोगों की जिंदगी को खासा प्रभावित किया है।अब पहले की तुलना में चीजें आसान हो गयी हैं।एक क्लिक पर खरीदारी हो रही है। 2020 के आंकड़े के मुताबिक भारत में फिलहाल ई कॉमर्स के यूजर कुल 150 मिलियन हैं, जबकि 2025 तक बढ़कर इसके 350 मिलियन तक होने के आसार हैं,जो अमेरिका की आबादी से भी अधिक होगी।यह बात एक्सएलआरआई में आयोजित एक लेक्चर सेशन के दौरान उभरकर सामने आयी।
लेक्चर सेशन के दौरान रिसोर्स पर्सन के रूप में मौजूद डेलाइट कंसल्टिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एमडी विशाल शर्मा मौजूद थे।उन्होंने संबोधित करते हुए एमबीए करने के बाद डेलॉयट में अपने सफर के बारे में विस्तार से बताया। समय के साथ कैसे कंसल्टिंग एक बेहतर कैरियर के रूप में उभर कर सामने आया।उन्होंने कोविड -19 अवधि के उदाहरणों का हवाला दिया कि कैसे टेक्नोलॉजी ने कंसल्टिंग और आईटी फर्मों को हेल्थ सर्विस उपलब्ध करवाने में ग्रामीण क्षेत्रों में भी मदद की।करोड़ों लोगों की जानें इससे बचायी जा सकीं।
शर्मा ने कहा कि टेक्नोलॉजी की मदद से देश के सभी हिस्सों में टीकों का वितरण किया जा सका।अब टेक्नोलॉजी एक बड़ा बाजार बन कर उभरा है जो कई मायने में पुराने बाजारों को बुरी तरह से प्रभावित कर रही है।इस दौरान ई मार्केटिंग सेक्टर का भी उदाहरण प्रस्तुत किया गया कि कैसे दुकानों से सामान खरीदने के बजाय यूथ ई शॉपिंग को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एआई (आर्टिशिफियल इंटेलीजेंस) व एमएल ( मशीन लर्निंग) की डिमांड कभी कम नहीं होने वाली है।इस दौरान कई विद्यार्थियों ने उनसे सवाल भी पूछे।





