रांची।झारखंड में लगभग सभी जिलों में मानसून सक्रिय हो गया है और बारिश जारी है।अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहने की उम्मीद है। 22 जून को आर्द्रा नक्षत्र प्रवेश कर रहा है।इसके साथ ही बेहतर बारिश की उम्मीद की जा रही है।मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 24 जून को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।बारिश के दौरान गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।लोगों से पेड़ के नीचे न खड़ा होने के लिए कहा गया है।





मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 22 से 24 जून तक झारखंड के कुछ जिलों में भारी से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।





सोमवार को राजधानी रांची में मौसम का मिजाज दोपहर के बाद बदल गया और लगभग एक घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई।राजधानी रांची में लगभग 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी।मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे में गोड्डा में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश हुई। चक्रधरपुर में 52, साहिबगंज में 48, पाकुड़ में 47 और राजमहल में 37 मिमी और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेसि रहा।डालटनगंज का अधिकतम तापमान भी गिरकर 36.1 डिग्री सेसि हो गया है।





पंडित कौशल कुमार मिश्र ने कहा कि आर्द्रा नक्षत्र में बारिश का अच्छा योग बन रहा है।आर्द्रा में भगवान को खीर,पूड़ी और आम अर्पित किया जाता है। भगवान से अच्छी बारिश की कामना की जाती है,ताकि खेत खलिहान अन्न से भरा-पूरा रहे।उन्होंने कहा कि इस बार धनतेरस तक बारिश का संयोग बन रहा है।उस समय चित्रा नक्षत्र रहेगा।इस कारण मध्यम वृष्टि होगी।दुर्गा पूजा में भी बारिश का अच्छा संयोग बन रहा है।उन्होंने कहा कि 26 सितंबर से दुर्गा पूजा शुरू हो रही है और इस दिन कलश स्थापना है। इस बार देवी का आगमन हाथी पर हो रहा है, जिसे शुभ माना जा रहा है। इस कारण बारिश का योग है। उन्होंने कहा कि 27 से हस्ता नक्षत्र शुरू हो रहा है और इसका समापन 11 अक्तूबर को होगा।पूजा का समापन पांच अक्तूबर को हो रहा है।इस दिन विजयादशमी है।





आपको बता दें कि आर्द्रा नक्षत्र 22 जून शाम 7.35 बजे से लग रहा है और छह जुलाई को रात्रि 9.10 बजे खत्म होगा।