रांची।भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को राज्य में कोयले के अवैध कारोबार का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा है कि राज्य के अलग-अलग इलाकों से एक हजार से अधिक हाइवा में रोज 40 हजार टन कोयले का अवैध कारोबार हो रहा है। सत्ता में बैठे ऊपर से नीचे तक के लोगों को उपकृत किया जा रहा है।
बाबूलाल मरांडी ने धनबाद क्षेत्र में हो रहे अवैध कारोबार का हवाला देते हुए कहा कि यहां से 400-500 ट्रक कोयला जाता है।एक हाइवा में 40-45 टन कोयला लदा होता है।ये लगभग चार लाख रुपये का कोयला होता है। हर ट्रक पर एसपी, डीएसपी, थाना क्षेत्र, सीआईएसएफ और अलग-अलग प्रभावशाली लोगों को पैसा दिया जाता है।अवैध कराबोर करने वाले प्रति ट्रक एक लाख 90 हजार रुपए का चढ़ावा चढ़ाते हैं।उन्होंने कहा कि राज्य के डीजीपी को वेतन नहीं मिल रहा है।उनकी व्यवस्था ऐसी ही अवैध कारोबार से चल रही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हम राज्य में हो रही लूट के खिलाफ बोल रहे हैं।हम राज्य का नेतृत्व कर रहे हेमंत सोरेन के गलत काम व अनियमतिता को उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ गंभीर आरोप लगे हैं उन्हें त्यागपत्र देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने गठबंधन को बहुमत दिया है,हम जोड़-तोड़ कर सरकार बनाने के पक्ष में नहीं हैं।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारत सरकार ने लोक सेवकों के लिए कोड ऑफ कंडक्ट बनाया है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक लोक सेवक हैं और इस कोड ऑफ कंडक्ट से बंधे हैं।उन्होंने अपने फायदे के लिए पद का दुरुपयोग किया है।राज्य में जब मुख्यमंत्री ही ठेका पट्टा लेना शुरू कर दे तो इससे बड़ी कोई और अनियमितता नहीं हो सकती।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक आज
झारखंड में बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच भाजपा ने आज रविवार को कोर कमेटी की बैठक बुलायी है।प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद जयंत सिन्हा, रवींद्र राय सहित कोर कमेटी के सदस्य बैठक में शामिल होंगे।





