नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन परिसर सोमवार को देश के सबसे बड़े सियासी केंद्र में तब्दील हो गया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकाल रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पिछले 6 घंटे से परिसर के भीतर पेड़ के नीचे कालीन पर धरने पर बैठे हैं। कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त उनसे मुलाकात नहीं करते, उनका यह प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

"जब तक बैठना होगा, बैठेंगे" — राहुल गांधी

धरना स्थल से एक वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा, "हम सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं। उन्हें हमसे मिलना ही पड़ेगा। हमें यहां बैठने में कोई परेशानी नहीं है, जब तक बैठना होगा हम बैठेंगे। अगर प्रशासन चाहे तो हमें यहां से हटाकर किसी अन्य जगह भेज दे, हम वहां भी बैठने को तैयार हैं।"

इसे भी पढ़ेंः फॉर्म-6 पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से बढ़ीं CEC ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें, 19 विपक्षी दलों का सड़क पर संग्राम

लंबे आंदोलन की तैयारी, परिसर में बिछाई जा रही कालीन

आकाशवाणी भवन के भीतर का नजारा किसी बड़े आंदोलन का अहसास करा रहा है। कांग्रेस और 'इंडिया' ब्लॉक के कार्यकर्ता लंबे समय तक डटे रहने की पूरी तैयारी में हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते और विरोध प्रदर्शन का प्रबंधन संभालते देखा गया।

इस बीच, भवन के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरे भारतीय युवा कांग्रेस (IYCC) के कई कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

इसे भी पढ़ेंः "लोकतंत्र बचाने की लड़ाई, कोई भी नहीं बचेगा": राहुल गांधी का तीखा हमला; 300 सांसदों के साथ रोके जाने पर जताया विरोध

"यह चुनाव आयोग को एजेंट बनाने के खिलाफ लोकतंत्र की लड़ाई"

protest को समर्थन देते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

"यह देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष संवैधानिक संस्था को महज एक एजेंट बनाकर रख दिया है। देश में पारदर्शी चुनाव नहीं हो रहे हैं। आम जनता का वोट देने का अधिकार छीनने की कोशिश हो रही है, और राहुल-प्रियंका गांधी इस लड़ाई को सड़क से लेकर जमीनी स्तर तक लड़ रहे हैं।"

फिलहाल, राहुल और प्रियंका गांधी के इस अचानक कदम के बाद दिल्ली प्रशासन और चुनाव आयोग के अगले कदम पर सस्पेंस गहरा गया है।

#RahulGandhi #PriyankaGandhi #CongressProtest #ElectionCommission #GyaneshKumar #DelhiNews #IndiaBlock #YouthCongress #SaveDemocracy #AkashvaniBhawan