8 महीने से अतिक्रमण किए गए ग्रामीणों का आम रास्ता बंद,खुलवाए प्रशासन:राजेश





बच्चों ने भयभीत होकर स्कूल जाना छोड़ दिया





पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। सदर प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत कोदैया गांव के टोला टंड़ियापर के लोगों के लिए आने-जाने के आम सरकारी रास्ते का गांव के ही कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने पिछले 8 महीने से अतिक्रमण कर रखा है।यह जानकारी देते हुए भाकपा माले नेता ने कहा कि संबंधित अंचल और थाना भी इस मामले से अवगत है, लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं किया गया है। रास्ते की जमीन हड़पने वालों ने उल्टा आम ग्रामीणों पर ही झूठा वाद दायर कर दिया है। यही नहीं रास्ते से आने - जाने पर ग्रामीणों पर पत्थरबाजी भी की जाती है। स्थिति यहां तक हो गई है कि गांव के भयभीत बच्चों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है।





पीड़ित ग्राम वासियों की बातों को सुनने के बाद भाकपा माले नेता सह अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने उक्त बातें कही।श्री यादव ने प्रशासन से तत्काल सरकारी आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।





रास्ते का अतिक्रमण होने से पीड़ित व अक्रोशित लोगों ने शनिवार को अपने ही गांव में प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन से पुनः रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।





माले नेता ने कहा कि 8 महीने से गांव का आम रास्ता बाधित है,लोग परेशान हैं, बच्चों ने भयभीत होकर स्कूल जाना छोड़ दिया है।इससे इस गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसलिए संबंधित प्रशासन इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर गांव का रास्ता खुलवाए, अन्यथा भाकपा माले ग्रामीणों को लेकर अंचल कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी।





मौके पर महावीर महतो, रणधीर वर्मा, रामप्रसाद वर्मा, सुरेंद्र कुमार, तिलक महतो,एतवारी महतो, यशोदा देवी, मेनका देवी, उर्मिला देवी, बुंदिया देवी सहित अन्य मौजूद थे।