प्रतिनिधि,पाकुड़। सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिकरहाटी गांव के किनारे स्थित विभा इंण्डेन ग्रामीण वितरक गैस गोदाम में गुरुवार को देर रात्रि लगभग 12 बजे कुछ अज्ञात चोरों ने गार्ड को हथियार के दम पर बंधक बनाकर लगभग 85 पीस भरा हुआ सिलेंडर और लगभग तीन लाख नगद राशि लूटकर रफूचक्कर हो गए।
गैस गोदाम के मैनेजर संजीव पंडित ने बताया कि जब वह गैस गोदाम पर सुबह करीब 6:30 बजे पहुंचे तो देखा कि सारे गोदाम के ताले टूटे हुए थे और नाइट गार्ड एक रूम में बंद था। अंदर से बचाओ -बचाओ की आवाज आ रही थी। दरवाजा खोलने पर नूरेमान शेख नामक नाइट गार्ड ने सारी बात बताई कि गुरुवार देर रात में अज्ञात चोर दीवार फांद कर अंदर प्रवेश कर गए और बंदूक और चाकू उसके गर्दन पर रखकर चाभी और मोबाइल मांगा। फिर उसे दो हथियारबंद लोगों के साथ एक रूम में बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि चोरों की संख्या कम से कम 10 से 11 थी। उन्होंने कहीं से फोन करके बड़ी पिकअप वैन गाड़ी मंगाकर उसमें 85 पीस भरा हुआ गैस सिलेंडर रखकर और ऑफिस से लगभग तीन लाख रुपये नगद लेकर भाग गए। रूम को बाहर से बंद कर दिया गया।
गैस गोदाम के मैनेजर संजीव पंडित ने इसकी सूचना गैस गोदाम के मालिक को दी और मलिक ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और आवश्यक छानबीन कर जांच में जुट गए।





