पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हजारीबाग।तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित 9वीं जिला तीरंदाजी चैम्पियनशिप का समापन हजारीबाग स्टेडियम में सफलता पूर्वक हुआ।यह दो दिवसीय आयोजन खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए खास अनुभव लेकर आया।इस प्रतियोगिता के समापन दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने शिरकत की।संघ द्वारा आत्मीयता के साथ स्वागत व अभिनंदन किया गया।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्वयं तीरंदाजी खेल का आनंद लिया।विधायक ने न केवल प्रतियोगिता का आनंद लिया बल्कि खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए विजेताओं को मोमेंटो प्रदान किया।खिलाड़ियों के प्रति विधायक का प्रोत्साहन और स्नेह सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर उमंग और आत्मविश्वास देखने को मिला जो इस आयोजन की सफलता का प्रतीक था।
सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे खेल आयोजन न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।मैं इस आयोजन का हिस्सा बनकर बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं।विधायक ने कहा कि हजारीबाग में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं न केवल हमारे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि उन्हें अपने कौशल को निखारने का एक बड़ा मंच भी प्रदान करती हैं।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि मैंने खिलाड़ियों के उत्साह और उनके चेहरे पर जो उमंग देखी,वह यह साबित करती है कि तीरंदाजी का भविष्य हमारे क्षेत्र में उज्ज्वल है।मैं हजारीबाग तीरंदाजी संघ को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूं और आश्वस्त करता हूं कि खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हमारे जिले का नाम रोशन कर सकें।विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है,जरूरत है तो बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की। ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं को प्रेरणा मिलती है, बल्कि क्षेत्र का नाम भी रोशन होता है।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य बगोदर ने भी उपस्थिति दर्ज की।उनकी उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।इस आयोजन को सफल बनाने में हजारीबाग तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।संघ के उपाध्यक्ष करण जायसवाल,सचिव मनोज कुमार और संयुक्त सचिव अबोध राम ने पूरे कार्यक्रम की बारीकी से निगरानी की।साथ ही संघ के सदस्य अनिल राणा,प्रदीप मुखर्जी,नीलम कुमारी,राजीव कुमार और दुर्गेश कुमार सिंह ने आयोजन में अपनी अहम भूमिका निभाई।
आयोजन के दौरान तीरंदाजी को लेकर खिलाड़ियों में जो जोश और उत्साह देखा गया, वह यह साबित करता है कि यह खेल क्षेत्रीय स्तर पर भी उभर रहा है।आयोजकों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस प्रतियोगिता ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया बल्कि हजारीबाग को खेल जगत में एक नई पहचान दिलाने का काम किया।संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा की हमारा उद्देश्य तीरंदाजी जैसे खेल को हजारीबाग में बढ़ावा देना और नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के जरिए हमने प्रतिभाओं को एक मंच देने का प्रयास किया है।





