पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा जारी मैट्रिक के परिणाम में चक्रधरपुर ने दो झारखंड टॉपर दिया है। इसमें एक चाय बेचने वाले की बेटी तानिया शाह और दूसरी दूध बेचने वाले की बेटी निशु कुमारी शामिल हैं। चाय और दूध बेचने वाले की बेटियों ने टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है।दोनों कार्मेल स्कूल चक्रधरपुर की छात्रा हैं।दोनों बेटियों को 490 अंक (98 फीसदी) मिले हैं।झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने मंगलवार को मैट्रिक व इंटरमीडिएट साइंस का परिणाम जारी किया।





आर्थिक रूप से कमजोर तानिया है प्रतिभावान





तानिया शाह चक्रधरपुर के पोटका ईचिंडासाई में अपने परिवार के साथ रहती है। तानिया के पिता सतीश शाह चाय और समोसा बेचते हैं।घर के बाहर ही एक छोटी सी दुकान है। उसी दुकान से तीन बेटियों की परवरिश कर रहे हैं।तानिया बताती है कि लॉकडाउन के कारण पढ़ाई काफी प्रभावित हुई थी,लेकिन उसने लॉकडाउन में भी पढ़ाई से कभी जी नहीं चुराया।स्कूल की ऑनलाइन क्लासेस को भी कभी नहीं छोड़ा।चक्रधरपुर केंद्रीय विद्यालय से ही आईएससी की पढ़ाई करेगी।तानिया को 490 अंक (98 फीसदी) मिले हैं।





निशु को भाता है सोशल वर्क





कार्मेल स्कूल से ही झारखंड टॉपर बनने वाली निशु कुमारी के पिता दिनेश कुमार यादव दूध बेचते हैं।निशु बताती है कि झारखंड टॉपर बनने का तो सपने में भी नहीं सोचा था, लेकिन इस सफलता ने मेरे हौसले को परवाज दिया है।अब मैं पहले से काफी ज्यादा ऊर्जावान महसूस कर रही हूं।आगे आईएससी करूंगी।सोशल वर्क मुझे काफी भाता है।निशु को 490 अंक (98 फीसदी) मिले हैं।