ढाका/कतर: बांग्लादेश वायुसेना के पूर्व प्रमुख (रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल) शेख अब्दुल हनान को भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में कतर में गिरफ्तार कर लिया गया है। बांग्लादेश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) और इंटरपोल के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार, हन्नान पर अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से भारी-भरकम संपत्ति जुटाने और विदेश में अवैध तरीके से निवेश करने का गंभीर आरोप है।
इंटरपोल के जरिए मिली गिरफ्तारी की सूचना
ACC के उपनिदेशक मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम ने पुष्टि की है कि कतर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 15 अक्टूबर को शेख अब्दुल हन्नान को हिरासत में लिया। भ्रष्टाचार रोधी निगरानी संस्था को इंटरपोल से ईमेल के जरिए उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना प्राप्त हुई है।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर, पिछले साल जुलाई में ही आयोग ने भ्रष्टाचार निरोधक आयोग अधिनियम, धनशोधन रोकथाम अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उनके खिलाफ आरोप तय करने की मंजूरी दे दी थी।
करोड़ों की अवैध संपत्ति और संदिग्ध बैंक लेन-देन
भ्रष्टाचार निरोधक आयोग की जांच में पूर्व वायुसेना प्रमुख और उनके परिवार के काले कारनामों की लंबी फेहरिस्त सामने आई है:
- बेहिसाब संपत्ति: शेख अब्दुल हन्नान पर आरोप है कि उन्होंने अपनी वैध आय से अधिक 3.28 करोड़ बांग्लादेशी टका की संपत्ति अर्जित की।
- संदिग्ध बैंक खाते: उनके 6 अलग-अलग बैंक खातों के जरिए 27.63 करोड़ बांग्लादेशी टका के संदिग्थ लेन-देन का खुलासा हुआ है।
- पत्नी भी शामिल: इस पूरे मामले में उनकी पत्नी भी मुख्य आरोपी हैं। उन पर पति की मदद से 1.91 करोड़ टका की अवैध संपत्ति बनाने और अपने नाम पर 32 बैंक खातों के जरिए 1.18 करोड़ टका का संदिग्ध लेन-देन करने का आरोप है।
- कनाडा और दुबई तक फैला नेटवर्क: जांचकर्ताओं ने हन्नान की विदेशी संपत्तियों का जाल कनाडा और दुबई तक फैला पाया है। इसके अलावा, तीन अलग-अलग देशों में उनके बच्चों के नाम पर रजिस्टर्ड संपत्तियों का भी खुलासा हुआ है।
न्यायालय के आदेश पर ढाका की अदालत ने पूर्व वायुसेना प्रमुख और उनकी पत्नी के आयकर रिकॉर्ड जब्त करने, उनके दो लग्जरी अपार्टमेंट कुर्क करने और बैंक खातों पर रोक लगाने के आदेश पहले ही जारी कर दिए थे।
इसे भी पढ़ेंः उत्तर कोरिया की बड़ी सैन्य चाल: पनडुब्बी से क्रूज मिसाइलों का परीक्षण, परमाणु प्रतिरोध क्षमता को किया मजबूत
शानदार करियर से सलाखों तक का सफर
शेख अब्दुल हन्नान साल 1984 में एक जनरल ड्यूटी पायलट के रूप में बांग्लादेश वायुसेना में शामिल हुए थे। लंबी सेवाओं के बाद उन्होंने 12 जून 2021 को देश के 16वें वायुसेना प्रमुख के रूप में कमान संभाली थी और 11 जून 2024 को रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के कुछ ही समय बाद उनके भ्रष्टाचार के मामले खुलकर सामने आ गए।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत अन्य सैन्य अधिकारी भी जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा, हाल ही में पड़ोसी देश श्रीलंका में भी भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे नमल राजपक्षे को एयरबस विमान खरीद घोटाले में गिरफ्तार किया गया है।
#SheikhAbdulHannan #BangladeshAirForce #ACC #Interpol #QatarArrest #CorruptionCase #MoneyLaundering #WorldNews #BreakingNews #GlobalCrime





