प्रतिनिधि,जमशेदपुर।अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर द्वारा शनिवार सिक्किम हादसे में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं गोलमुरी स्थित शहीद स्मृति स्थल पर वीर शहीदों को नमन करने के लिए सभी पूर्व सैनिक एकत्रित होकर नम आंखों से पुष्पांजलि अर्पित की।
बताते चलें कि बीते शुक्रवार उत्तरी सिक्किम में सेना की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से 16 जवान शहीद होने की सूचना हृदय विदारक है। उन वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज सभी सदस्य शहीद स्थल पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम का संचालन सुखविंदर सिंह ने किया।इस अवसर पर तीनों सेना से सेवानिवृत्त सैनिकों ने हादसे पर दुख जताते हुए शहीद जवानों को अपनी भावभीन श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं पूर्व सैनिक उमेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। मौके पर वीर शहीद अमर रहे के उदघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।
जानकारी के अनुसार सिक्किम में हुए हादसे में ट्रक के साथ आर्मी की दो वैन और थीं। तीनों वाहन शुक्रवार सुबह चटन से थंगू के लिए निकले थे। इस दौरान रास्ते में ट्रक एक मोड़ पर फिसलकर खाई में जा गिरा। आयोजित श्रद्धांजलि सभा का नेतृत्व जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह एवं जिला अध्यक्ष विनय यादव ने किया।
इस दौरान जिला महामंत्री ने कहा कि जो जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं, उनको अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर नमन करती हैं। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करती हैं। साथ ही जो घायल हुए हैं उनके जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
मौके पर कुंदन सिंह, दयानंद सिंह, उमेश सिंह, उमेश शर्मा, राजीव कुमार, अमरेंद्र,योगेश, हरी सांडिल, अवधेश कुमार, बिरजू, वेद प्रकाश, जय नारायण समेत अन्य पूर्व सैनिक मौजूद थे।





