प्रतिनिधि,बड़कागांव। गोंदलपुरा खनन परियोजना के तहत अदाणी फॉउंडेशन ने शुक्रवार को ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा वाहन सेवा की शुरुआत की। बड़कागांव प्रखंड के अंचलाधिकारी अमित किस्कू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बीएन प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर इस एंबुलेंस को रवाना किया।





मौके पर मौजूद बड़कागांव के अंचलाधिकारी अमित किस्कू ने कहा कि अदाणी फॉउंडेशन का सेवा भाव अतुलनीय है इसलिए सभी को मिलकर ऐसे सामाजिक हित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए ताकि आम लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। यह चिकित्सा वाहन पूरी तरह डॉक्टरी सुविधा, ऑक्सीजन सिलिंडर और दवाईयों से लैस है, जिसके माध्यम से बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपुरा, हाहे, फुलांग, गाली, बलोदर और अम्बाजीत के जैसे दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी लाभ मिलेगा।





डॉक्टर प्रसाद ने कहा कि अदानी फॉउंडेशन से लगातार कई तरह के सहयोग मिल रहे हैं, जो प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान किया गया, विभिन्न ग्रामीण इलाकों में लगातार फ्री हेल्थ कैम्प लगाए जा रहे हैं और अब ये चिकित्सा वाहन शुरू हो रहा है, जिससे यहां के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इस चिकित्सा वाहन के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य संबधी रोगों का उपचार प्रशिक्षित एमबीबीएस डॉक्टर, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट, रजिस्टर्ड नर्स के माध्यम से नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा। साथ ही खून की कमी की जांच, शुगर, बीपी, वजन और अस्थमा की जांच, मलेरिया, टाइफाइड एवं विभिन्न रोगों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। इसके अलावा बुखार, खांसी, जुकाम, बच्चों की दवाइयों, सेनेटरी नैपकिन, बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा (अल्बेन्डाजोल), विटामिन सी तथा महिलाओं के अन्दर खून की कमी को दूर करने के लिए आयरन की दवा तथा सिरप भी नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। एक अनुमान के तहत एम्बुलेंस दो से तीन गांवों का प्रतिदिन भ्रमण करके करीब सौ मरीजों को स्वास्थ्य सम्बन्धी सुविधा दिलाएगी। कार्यक्रम में बड़कागांव के थाना प्रभारी विनोद तिर्की समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।