अधिवक्ता भगवती सिंह सड़क हादसे में हुए घायल, स्थिति गंभीर
स्कूटी से सुबह 11 बजे जा रहे थे कोर्ट, टीएमएच के आइसीयू में चल रहा है इलाज
प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बागबेड़ा लाल बिल्डिंग निवासी अधिवक्ता भगवती सिंह शुक्रवार की सुबह 11 बजे सड़क हादसे में घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एमजीएम में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शाम 4 बजे टीएमएच रेफर कर दिया गया। उन्हें आइसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
मामले में बताया जा रहा है कि अधिवक्ता भगवती सिंह अपनी स्कूटी से कोर्ट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच बर्मामाइंस थाना अंतर्गत गाड़ाबासा एमएस ढाबा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में वे आ गए। वहीं घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई थी। मगर किसी ने भी उन्हें अस्पताल पहुंचाने का जोखिम नहीं उठाई।जबकि घटना के समय उनके कुछ परिचित वहां से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर उनपर पड़ी। जिसके बाद उन्हें उठाकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले में परिचित सुरज कुमार ने बताया कि अधिवक्ता का हाथ तीन जगहों से टूट गया है। साथ ही उनके सर के साथ-साथ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटें आई है। घटना की जानकारी बागबेड़ा में परिजनों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर आर्मी में पोस्टेड बेटा को भी दे दी गई है। सूचना पाकर वे भी शाम की फ्लाइट से शहर के लिए निकल गए हैं और जो शनिवार की सुबह तक रांची पहुंचेंगे। इधर अधिवक्ता के घायल होने की जानकारी पाकर कई अधिवक्ता उनका हाल जानने के लिए टीएमएच पहुंचे। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।





