प्रतिनिधि,गिद्धौर(चतरा)।थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगपुर गांव के दतुवा आहर के समीप शनिवार को एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजाइर कार सवारी बस में जा टकराई,जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि कार में सवार पति पत्नी घायल हो गए। घटना की सूचना गिद्धौर पुलिस को मिली।





सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कन्हैया कुमार यादव दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल पति पत्नी को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।वहीं थाना प्रभारी के निर्देश पर दुर्घटनाग्रस्त कार जेएच 02 बीसी - 8690 व साथी नामक यात्री बस जे एच 02 एटी - 1959 को जब्त कर लिया गया है।बताया जाता है कि हजारीबाग सुरेश कॉलोनी के इंद्रदेव दांगी अपनी पत्नी चिंतामणि देवी के साथ राजपुर थाना क्षेत्र में किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।इसी क्रम में दतुआ आहर के समीप कार अनियंत्रित हो गई।जबकि चतरा की ओर से साथी बस नामक यात्री बस हजारीबाग की ओर जा रही थी।इसी क्रम में अनियंत्रित कार बस में जा टकराई,जिससे इंद्रदेव दांगी को गंभीर चोट आई है। वही चिंतामणि देवी को मामूली चोट आई है।