बदायूं।उत्तर प्रदेश के बदायूं के जिले से‌ चकित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोतवाली क्षेत्र के एक चूहे का बरेली के IVRI में पोस्टमॉर्टम किया गया,जिसकी रिपोर्ट एक सप्ताह बाद आएगी।तीन अलग-अलग जगह की रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण पता चल पाएगा।





पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने सदर कोतवाली पुलिस को एक तहरीर दी है।तहरीर में एक चूहे को मारने के उद्देश्य से उसकी पूंछ पर पत्थर बांधा गया और नाले के पानी में डुबोया गया।जिसका वीडियो भी पशु प्रेमी ने बनाकर सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।पुलिस ने चूहे का पोस्टमॉर्टम कराया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।





आपको बता दें कि पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के पनवाड़ी मोहल्ले का है।गुरुवार को पशु प्रेमी विकेंद शर्मा ने सदर कोतवाली पुलिस को एक तहरीर दी।तहरीर में विकेंद्र शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि वे पनवाड़ी मोहल्ले से गुजर रहे थे। तभी मोहल्ले के मनोज कुमार एक चूहे को नाले में डुबो रहे थे। वो चूहे को मौत के घाट उतारने के उद्देश्य से उसकी पूंछ में पत्थर बांधकर बहते हुए नाले में छोड़़ दिया था। उन्होंने उस चूहे को नाले से निकाला और थोड़ी देर बाद चूहे की मौत हो गई।इस पूरी घटना की विकेंद्र शर्मा ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बना ली। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी।जिसपर सदर कोतवाली ने शुक्रवार को चूहे का पोस्टमार्टम कराया है।चूहे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सात दिन बाद आएगी, क्योंकि मौत की वजह जानने के लिए तीन अलग-अलग जगह से रिपोर्ट आनी है।