बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा के गोरक्ष प्रांत की जन विश्वास यात्रा को रविवार को रवाना करने से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीडी कालेज के मैदान में जनसभा को संबोधित किया।इसके बाद जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सीएम शिवराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत के विकास वाला इंजन है।पूर्ववर्ती सरकारों ने इसे बदनाम कर दिया था।जिसमें सारी दुनिया को चलाने का दम है,वहां के युवाओं को कुंठित कर दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने इस धारणा को बदला है। वैभवशाली व गौरवशाली यूपी बनाने के लिए फिर से भाजपा की सरकार लानी होगी। यूपी केवल हिन्दुस्तान नहीं दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनेगा।


सीएम शिवराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले अपराधियों के डर से लोग कांपते थे।उन गुंडों का नाम ले लिया तो नहाना पड़ेगा।अब वो गुंडे जेल में हैं और वो बाहर निकलना नहीं चाहते हैं,ये साधारण बदलाव नहीं है। उन्होंने गीता के यदा यदा ही धर्मस्य का श्लोक पढ़ते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ ने यूपी की धरती को भ्रष्टाचार व माफियाओं के पाप से मुक्त कराया है।

सीएम शिवराज ने सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।नाम लेने के बजाय बबुआ से संबोधित करते हुए कहा कि पहले पिता को धोखा दिया फिर चाचा को धोखा दिया,अब जनता को ठगने के लिए निकले हैं।साइकिल पंचर हो गयी है और पंचर बनाने वाला चाचा भी जेल में हैं।

सीएम शिवराज ने भीड़ को सावधान करते हुए कहा कि बबुआ फिर आएंगे,वादा करेंगे लेकिन जाल में फंसना नहीं है। उन्होंने शिकारी की कहानी सुनाते हुए कहा कि बबुआ आएगा, चाचा संग लाएगा, दाना डालेगा,इसमें फंसना नहीं है।

सीएम शिवराज ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हिन्दू व हिन्दुत्व के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि हिन्दू को सांप्रदायिक बताने वाले आज हिन्दू बन रहे हैं, वे हिन्दू और हिन्दुत्व की परिभाषा बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम, सर्वे भवन्तु सुखिन: व जियो और जीने दो, ‘धर्म की जय हो-अधर्म का नाश हो’ ही हिन्दुत्व है। यही मोदी और योगी का भी हिन्दुत्व है।

सीएम शिवराज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश और योगी को मिलाकर उपयोगी की संज्ञा देने को विस्तार देते हुए कहा कि मोदी प्लस योगी मतलब 86 लाख किसानों का कर्ज माफ,गन्ना किसानों का एक लाख 44 हजार करोड़ का भुगतान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 26 सौ करोड़ का भुगतान,अपराधियों के घरों पर बुलडोजर, डेढ़ सौ गुंडे ढेर, साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरी, अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण, सात इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बेटियों को नि:शुल्क शिक्षा।क्या मोदी और योगी नहीं होते तो राममंदिर बन जाता,विश्वनाथ कॉरिडोर और धारा 370 खत्म हो जाती।

सीएम शिवराज ने मोदी व योगी का मतलब समझाते हुए कहा कि मोदी (एमओडीआई) का अर्थ एम मतलब मजबूत नेतृत्व, ओ मतलब ओजपूर्ण व्यक्तित्व, डी का मतलब दृढ़ निश्चयी और आई का मतलब ईश्वर का वरदान है। जबकि योगी के वाई मतलब योग्य, ओ मतलब ओजस्वी, जी का मतलब गतिशील और आई का मतलब ईमानदार है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मामा के नाम से सिर्फ मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि बलिया व यूपी के बच्चों का भी मामा हूं।जन विश्वास यात्रा में अपने सम्बोधन की शुरुआत भोजपुरी में की।लोगों से खुद को जोड़ते हुए भृगु बाबा के जयकारे भी लगाए। जनसभा में आए युवाओं को भांजे और भांजियों कहा तो तालियां की आवाज गूंजने लगी। उन्होंने कहा कि ये मामा पड़ोसी धर्म निभाने आया है। मेरे भांजे-भांजियों कसर मत छोड़ देना। फिर से भाजपा की सरकार लाने के लिए छोटी-मोटी बातों को छोड़ देना।