प्रतिनिधि,चतरा। चतरा नगर के गौरक्षणी परिसर स्थित एबीवीपी के कार्यालय में सोमवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।प्रेसवार्ता को विभावि विश्वविद्यालय संयोजक प्रवीण कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। ज्ञान शील एकता के मूल मंत्र को लेकर छात्र समुदाय में राष्ट्रीयता की भावना, सामाजिक, सांस्कृतिक और नेतृत्व क्षमता का विकास छात्रों में हो इस विश्वास के साथ विद्यार्थी परिषद विगत 74 वर्षों से काम कर रही है।





उन्होंने कहा की अति सौभाग्य की बात है कि इस वर्ष विद्यार्थी परिषद अपना 75 वर्ष के पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश के सभी जिलों में विराट जिला छात्र सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस निमित्त चतरा जिले में भी दिनांक 22 जनवरी 2023 दिन रविवार को चतरा महाविद्यालय के सभागार में विराट जिला सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस सम्मेलन में जिले भर के स्नातकोत्तर, स्नातक, बीसीए,आईटीआई, बीएड और प्लस टू से लगभग 5,000 (पांच हज़ार) छात्रों की सहभागिता होगी।





प्रवीण सिंह ने बताया कि जिला छात्र सम्मेलन चार सत्रों में संपन्न होगी। पहला सत्र उद्घाटन का होगा, जिसमें अतिथियों के द्वारा सम्मेलन का उद्घाटन किया जाएगा। उसके बाद प्रस्ताव सत्र में जिले भर के शैक्षणिक समस्या और जिले की वर्तमान परिदृश्य को लेकर प्रस्ताव लाई जाएगी। प्रस्ताव में जिलेभर से आए छात्रों से प्रस्ताव संशोधन हेतु उनसे प्रस्ताव मांगा जाएगा। प्रस्ताव संशोधन करते हुए प्रस्ताव को पारित किया जाएगा। उसके बाद सम्मेलन में आए छात्रों के द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी,जो पूरे नगर का भ्रमण करेगी। इसके बाद नगर भवन मैदान के पास खुला मंच के माध्यम से छात्र नेताओं के द्वारा झारखंड की वर्तमान स्थिति और जिले की समस्याओं को लेकर भाषण होगा तत्पश्चात कार्यक्रम की समाप्ति होगी। इस जिला सम्मेलन के माध्यम से जो भी छात्रों से संबंधित समस्याएं हम सबों के बीच आएगी उस मांग को हमलोग का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त,सांसद,विधायक से मिलकर अवगत कराएंगे। अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो आगे हम लोग आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे।





प्रेसवार्ता में विभाग सह संयोजक रोहित पांडे,जिला संयोजक आयुष कुमार दांगी, रौनक सिंह, रणविजय सिंह, अर्णव श्रीवास्तव, अनुराग कुमार, विशाल प्रजापति, अशीस कुमार, उज्वल कुमार, पीयूष कुमार, सन्नी कुमार उपस्थित रहे।