प्रतिनिधि,गिरिडीह। माह-ए-रमजान के अलविदा जुमे की नमाज शुक्रवार को गिरिडीह जिले भर में बड़े ही अकीदत के साथ अता की गई।वहीं मौसम शुष्क होने के कारण रोजदारों को अंतिम अलविदा जुमे की नमाज के दौरान कोई परेशानी नही हुई।
इस दौरान शहर के स्टेशन रोड स्थित लाइन मस्जिद,भंडारीडीह स्थित जामा मस्जिद,मोहनपुर, मस्जिद, पचंबा,विशनपुर, बड़ा चौक,बरवाडीह सहित आसपास के मुफ्फसिल क्षेत्र स्थित मंस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज अता करने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ी हुई थी।मस्जिदों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण नमाजियों ने मस्जिद के बाहर भी नमाज अता की। खासकर लाइन मस्जिद और जामा मस्जिद के अत्यधिक भीड़ होने के कारण सड़क पर नमाज पढ़ने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान युवाओं के साथ साथ वृद्ध व बच्चे भी नमाज अता करने के लिए मंस्जिदों में पहुंचे हुए थे।इधर अंतिम जुमा की नमाज को लेकर गिरिडीह पुलिस भी अलर्ट थी। शहर में डीएसपी संजय राणा के साथ एसडीपीओ अनिल सिंह और नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी पुलिस जवानों के साथ पेट्रोलिंग करते दिखे। वहीं ग्रामीण इलाको में भी मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अलविदा की नमाज़ अता की मौके पर पुलिस अधिकारी और जवान पेट्रोलिंग करते नजर आए।





