रांची।मनरेगा घोटाले के पैसों की मनी लाउंड्रिंग की जांच कर रही परिवर्तन निदेशालय (ईडी) को छापेमारी में कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।इन्ही सबूतों के आधार पर ईडी जल्द ही राज्य सरकार की खनन सचिव और आईएएस पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा को समन भेजकर पूछताछ करेगी। ईडी सूत्रों के अनुसार पैसों का मिलना और करोड़ों रुपए के निवेश से जुड़े सबूत मिलने के बाद ईडी के अधिकारियों ने पूजा सिंघल से शुक्रवार की रात पूछताछ की थी।अब ईडी समन भेजकर पूजा सिंघल से पूछताछ की तैयारी में है।ईडी की टीम ने शनिवार को दूसरे दिन भी राजधानी रांची के बरियातू स्थित पल्स अस्पताल में 10 घंटे से ज्यादा जांच पड़ताल की।ईडी ने शनिवार को पूजा सिंघल के करीबी सीए सुमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ईडी को पल्स अस्पताल के सातवें मंजिल पर छापेमारी में कई महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। ईडी सूत्रों के अनुसार अभी तक 20 से ज्यादा शेल कंपनियों से जुड़ी जानकारी मिली है,जिनके माध्यम से काली कमाई को सफेद किया जाता था। इन कंपनियों के बारे में जानकारी कोलकाता में छापेमारी के दौरान भी पल्स की पूर्व निदेशक प्राची अग्रवाल के यहां से मिली। छापेमारी के दौरान पूजा सिंघल के पति के सीए सुमन सिंह के घर से 19.31 करोड़ रुपए नकद, 150 करोड़ से ज्यादा के निवेश की जानकारी मिलने और शेल कंपनियों के गठन का मामला सामने आने के बाद पूजा सिंघल व अभिषेक झा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
ईडी की टीम ने पूजा सिंघल के पति के पल्स अस्पताल पर दूसरे दिन भी छापेमारी की।छापेमारी के लिए ईडी के अधिकारियों की भारी संख्या में टीम पहुंची थी।इस टीम में कोलकाता से ईडी के 12 अधिकारी भी पहुंचे थे। इस दौरान अधिकारियों ने ऑफिस में लैपटॉप और कंप्यूटर के हार्ड डिस्क को खंगाला।कर्मचारियों के न होने की बात कह कुछ लैपटॉप और कंप्यूटर नहीं खोले गए, जिसके बाद ईडी अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि उनकी मौजूदगी में ही इनकी जांच की जाएगी।
ईडी ने पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के सीए सुमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सुमन सिंह को शनिवार की सुबह ईडी की टीम ने सोनल अपार्टमेंट स्थित फ्लैट से हिरासत में लिया। दिनभर ईडी के अधिकारियों ने सुमन सिंह से 19.31 करोड़ रुपये कैश घर में रखने और पैसों के स्रोत को लेकर पूछताछ की, लेकिन पूछताछ में सुमन ने पूरी रकम को अपनी बतायी है।ईडी को जांच में कई सबूत मिले हैं,जिसके आधार पर सुमन को देर शाम गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सुमन को स्वास्थ्य जांच के लिये सदर अस्पताल ले जाया गया। इससे पहले शुक्रवार की रात ईडी ने सुमन के भाई पवन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूरी रात पूछताछ के बाद शनिवार की सुबह ईडी ने उसे छोड़ दिया था। पवन से पूछताछ में मिली जानकारी का मिलान सुमन के बयान से किया गया।





